दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और आम आदमी पार्टी कांग्रेस के हर अभियान का अनुसरण करने में पीछे नही हटती, यही कारण है दिल्ली में कांग्रेस की दिल्ली न्याय यात्रा को भारी जनसमर्थन के बाद भाजपा “शीर्ष नेतृत्व“ द्वारा परिवर्तन यात्रा निकालने की घोषणा जनता को भ्रमित करने वाली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली भाजपा नेता अपने चुनाव अभियन की शुरुआत करने की दुविधा पड़े है क्योंकि अरविन्द केजरीवाल की तरह भाजपा अध्यक्ष विरेन्द्र सचदेवा भी लोगां को मिलने वाली सुविधाओं के अभाव में जवाबदेही से भागते रहे है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की परिस्थितियां अब पहले जैसी नही रहीं, लोग बदलाव चाहते हैं।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि 1998 में दिल्ली की सत्ता से बाहर हुई भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनता के अनुकूल काम नही किया, जो पिछले 26 वर्षों से लगातार संघर्ष और 2015 और 2020 में मोदी लहर होने के बावजूद दिल्ली में सरकार बनाने में नाकाम रही और 2022 में 15 वर्षों के भ्रष्टाचार से ग्रस्त दिल्ली नगर निगम से भी दिल्ली की जनता ने भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता दिल्ली के विनाश में केजरीवाल के बराबर के भागीदार है। भाजपा कैसा परिवर्तन करने की बात कर रही है जबकि केन्द्र में पिछले 10 वर्षों से तानाशाह मोदी सरकार ने वादा करने बाद दिल्ली की जनता के लिए किसी भी योजना को अंजाम नही दिया।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली में लोगों के जहन में बसने वाली दिल्ली न्याय यात्रा जनता के समर्थन के कारण की सफलता की सीढ़ी चढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बदहाल दिल्ली में जब लोगों को परेशानी हुई और हालत खराब है, भाजपा नेता और केजरीवाल सरकार अपने भ्रष्टाचार, अक्षमता और निष्क्रियता के चलते आंखें मूंदकर चुप बैठे रहे, आज चुनाव के नजदीक लोगां को भ्रमित करने के लिए परिवर्तन यात्रा की घोषणा कर रहे है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा केजरीवाल की भ्रष्ट नीति लागू करने के समय पूरी तरह चुप रहे, जबकि कांग्रेस ने दिल्ली के कौने-कौने में ठेके खोलने का विरोध करके इनके भ्रष्टाचार को उजागर किया जिसका नतीजा केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येन्द्र जैन जेल गए। भाजपा ने दिल्ली सरकार में हुए भ्रष्टाचार को कांग्रेस द्वारा उजागर करने के बाद केवल रोटी सेंकने का काम किया है। उन्होंने कहा कि शराब घोटाले को लागू करने में आम आदमी पार्टी के साथ भाजपा भी बराबर की दोषी है क्योंकि उस वक्त भाजपा निगम में सत्तासीन थी, बिना मेयर और स्थायी समिति के चेयरमेन की मंजूरी के निगम क्षेत्र में शराब के ठेके नही खुल सकते। यही नही कोविड महामारी के वक्त जब कांग्रेस दिल्ली की जनता की जान बचाने के लिए सड़कों पर थी तब भाजपा नेता, केजरीवाल लोगों को मरने के लिए छोड़कर अपने घरों में छिपकर बैठे थे।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि मुसीबत के समय लोगों को बेसहारा छोड़कर भागने वाली भाजपा किस परिवर्तन की बात कर रही है। भाजपा के तानाशाह और केजरीवाल के भ्रष्टाचार का अंत करके कांग्रेस दिल्ली की जनता के समर्थन के साथ 2025 में एक बड़ा बदलाव करने जा रही है, जिसके हमारी दिल्ली न्याय यात्रा में लोगों के लगातार जुड़ने से संकेत मिलने शुरु हो गए है।

