*कांग्रेस अध्यक्ष बोले- भाजपा मुझे डराकर झुकाना चाहती है, मैं कभी नहीं झुकूंगा
*अनुराग ठाकुर ने जो आरोप लगाए हैं, वह साबित करें तो मैं इस्तीफा दे दूंगा, वरना वह इस्तीफा दें
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए बेबुनियाद आरोपों को लेकर उनपर जोरदार हमला बोला है।
अनुराग ठाकुर द्वारा बुधवार को लोकसभा में लगाए गए निराधार आरोपों का जवाब देते हुए गुरुवार को राज्यसभा में श्री खरगे ने कहा, “अगर भाजपा के लोग मुझे डराकर झुकाना चाहते हैं, मैं कभी नहीं झुकूंगा। मैं टूट जाऊंगा, लेकिन झुकूंगा नहीं। याद रखो, मैं डराने से डरने वाला नहीं।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह गहरी पीड़ा के साथ बोलने के लिए खड़े हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि उनका जीवन हमेशा एक खुली किताब की तरह रहा है। यह संघर्षों से भरा रहा है, लेकिन उन्होंने हमेशा सार्वजनिक जीवन में सर्वोच्च मूल्यों को बरकरार रखा है।
खरगे ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों द्वारा चुनौती दिए जाने के बाद अपना बयान वापस ले लिया। लेकिन नुकसान पहले ही हो चुका था क्योंकि मीडिया में इस खबर को बड़े पैमाने पर प्रसारित किया गया गया, जिससे उनकी छवि और प्रतिष्ठा प्रभावित हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सदन के नेता (राज्यसभा) को ठाकुर की ओर से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि वह (ठाकुर) उनकी पार्टी के हैं और राज्यसभा के सदस्य नहीं हैं। कम से कम यह काम तो सत्तारूढ़ पार्टी की तरफ से किया जा सकता है और उसे ऐसा करना भी चाहिए।
खरगे ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि ठाकुर यह साबित कर दें कि वक्फ की एक एकड़ जमीन पर भी उनका या उनके बच्चों का कब्जा है, तो वह (खरगे) इस्तीफा दे देंगे। अगर ठाकुर अपने आरोप साबित नहीं कर सकते हैं, तो उन्हें संसद में रहने का कोई अधिकार नहीं है, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।


