*दिल्ली की जनता सवाल पूछ रही है तीनों लैंडफिल को कब तक खत्म करेंगी, सफाई कर्मचारियों की पेंशन कब तक बहाल होंगी, अनाधिकृत कालोनियों पर हाउस टैक्स और कूड़ा उठाने के सरचार्ज पर लटकी तलवार से कब तक राहत मिलेगी, ट्रिपल इंजन की सरकार समय सीमा तय करे। – देवेन्द्र यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली नगर निगम में भाजपा का मेयर बनने के बाद अब राजधानी में ट्रिपल इंजन की सरकार से जनता की उम्मीदे अधिक बढ़ गई है। दिल्ली की जनता ट्रिपल इंजन की सरकार पूछ रही है कि तीनों लैंडफिल को कब तक खत्म होंगी, सफाई कर्मचारियों की पेंशन कब तक बहाल करेगी, अनाधिकृत कालोनियों पर हाउस टैक्स और कूड़ा उठाने के सरचार्ज की जो तलवार लटकी है, दिल्ली की जनता को इन सब से कब तक राहत मिलेगी, इसके लिए ट्रिपल इंजन की सरकार समय सीमा तय करे।
यादव ने कहा कि दिल्ली को गंदगी, जलभराव, नालों की सफाई, कूडे़ के पहाड़ों की समस्याओं से राहत मिलने, बिजली, पानी सहित महंगाई और बेरोजगारी जैसी किल्लतों से राहत मिलेगी। परंतु भाजपा का इतिहास रहा है कि इन्होंने 1993-98 के कार्यकाल, निगम में 15 वर्षों के भ्रष्टाचारी कुशासन में दिल्ली की बर्बाद करने के सिवाय कुछ नही किया। भाजपा के वादे, घोषणाएं और दावें हर बार जुमले साबित हुए है। भाजपा और आम आदमी पार्टी ने दिल्ली को गंदगी और जगह-जगह कूड़े ढेरों से नर्क बनाकर रख दिया है। वर्तमान में निगम में आम आदमी पार्टी ने हालात सुधारने के लिए कोई काम नही किया है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भ्रष्टाचार और कुशासन मुक्ति पाने के लिए भाजपा को बहुमत दिया लेकिन 3 महीनों में धरातल पर अभी तक कुछ दिखाई नही दिया है। प्रधानमंत्री, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सिर्फ बयानबाजी और झूठी घोषणाएं करती दिखाई दे रही है, योजनाओं को शुरू करके उन्हें कार्यान्वित करने की तरफ सरकार बिलकुल भी संवेदनशील नही है। पिछले 10 वर्षों के आम आदमी पार्टी के कुशासन के हालात जस के तस है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली की खस्ताहाल सड़कों, सड़क पर गड्डों, नालों की सफाई, यमुना की सफाई, बिजली पानी संकट, प्रदूषण, जल भराव जैसी वर्तमान और आगे होने वाली ज्वलंत समस्याओं को निपटाने की दिशा में भाजपा सरकार कोई काम नही कर रही है, जबकि जनता ने बहुत उम्मीदों के साथ इन्हें दिल्ली की सत्ता सौंपी है। 3 महीनों के शासन में भाजपा सरकार ने जनता विरोधी फैसले लिए है जबकि जल संकट, बिजली कटौती, सार्वजनिक परिवहन में बसों की कमी को दूर करने संबधी कोई सकारात्मक कदम अभी तक नही उठाया है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर दिल्ली वालों की उम्मीदे अधिक बढ़ गई है, जिसे भाजपा अविलंब लागू करें। चुनावों के दौरान किए गए वायदों को पूरा करने की जगह मुख्यमंत्री लोगों को गुमराह करने वाली बयानबाजी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की नकारात्मक सोच किसी से छिपी नही है वो केवल वोट लेने के लिए झूठे वादे करती है। सकारात्मक सोच के साथ शासन करना और नागरिक सुविधाएं देने इनकी कार्यशैली में नही है।


