नई दिल्ली: दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोलते हुए कार्यकर्ताओं से इस ‘गठबंधन’ के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया है। नजफगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित बीएलए-2 (BLA-2) प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सभी संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में वोट चोरी करती थी, लेकिन अब उसने हदें पार करते हुए सीधे राज्यसभा की सीटें चुराना शुरू कर दिया है।
यह प्रशिक्षण शिविर नजफगढ़ जिला अध्यक्ष श्री राजेश यादव द्वारा द्वारका मोड़ स्थित रॉयल बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया गया था। इस शिविर में नजफगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले सभी ब्लॉक अध्यक्षों, पांचों विधानसभाओं के बीएलए-1 और सभी बूथों के बीएलए-2 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव द्वारा दीप प्रज्वलित करने और वंदे मातरम गायन के साथ हुई। शिविर में बूथ मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन श्री राजेश गर्ग और उनकी टीम ने कार्यकर्ताओं को चुनावी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया।
मीनाक्षी नटराजन का पर्चा खारिज करना तानाशाही की हद
मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा अब चुनाव आयोग पर तानाशाही तरीके से दबाव बना रही है। उन्होंने कहा, “वोट चोरी, चुनाव चोरी और अब राज्यसभा की सीट चोरी करने के बाद प्रत्येक छोटे-बड़े कांग्रेस कार्यकर्ता सहित बड़े नेताओं को भाजपा और चुनाव आयोग की जुगलबंदी के इस खतरनाक षड्यंत्र के खिलाफ सड़कों पर उतरकर एकजुटता से काम करना होगा।”
पिछले 15 महीनों में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली को किया निराश
प्रशिक्षण शिविर के दौरान श्री देवेंद्र यादव ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के साथ आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले 15 महीनों में रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली की जनता के लिए जमीनी स्तर पर कुछ नहीं किया। यही कारण है कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार के उन हवाई दावों और कामों का बखान करना पड़ रहा है, जिससे दिल्ली की आम जनता का दूर-दूर तक कोई सरोकार नहीं है।
वादे पूरे करने में नाकाम रही सरकार, मुफ्त राशन ही कुशासन का प्रमाण
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले 12 वर्षों के भाजपा के कुशासन और एकतरफा नीतियों के कारण आज देश महंगाई, बेरोजगारी और भुखमरी से जूझ रहा है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि देश के 85 करोड़ लोग आज भी सरकारी मुफ्त राशन पर निर्भर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि वे महिलाओं को ₹2,500 की अनुदान राशि देने का अपना सबसे महत्वपूर्ण चुनावी वादा आज तक पूरा नहीं कर सकी हैं और अब उज्ज्वला जैसी विफल योजनाओं का गुणगान कर रही हैं, जिनकी सब्सिडी में भी भारी कटौती की गई है।
हर बूथ पर भाजपा की नाकामियों को उजागर करेंगे बीएलए-2 कार्यकर्ता
जमीनी मुद्दों पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए देवेंद्र यादव ने कहा कि अनधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने का झूठा वादा करके वहां के छोटे दुकानदारों और झुग्गी-झोपड़ियों को उजाड़ने का काम किया गया है। डेढ़ साल से दिल्ली में भाजपा की सरकार होने के बावजूद यमुना आज भी गंदा नाला बनी हुई है और करोड़ों के आवंटन के बाद भी कूड़े के पहाड़ घटने के बजाय बढ़ रहे हैं। उन्होंने अंत में कहा कि हमारे बीएलए-2 कार्यकर्ता चुनाव प्रक्रिया को संभालने के साथ-साथ हर बूथ पर भाजपा की इन तमाम नाकामियों को जनता के बीच ले जाकर उजागर करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।











