MCD ने दिल्लीभर में चलाया बड़ा बुलडोजर अभियान; 16 अनधिकृत संपत्तियों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई, 3 डिमोलिशन ऑर्डर जारी

Listen to this article

नई दिल्ली, 03 अक्टूबर 2026: दिल्ली नगर निगम (MCD) ने अवैध निर्माण, खतरनाक इमारतों और मास्टर प्लान दिल्ली (MPD) के भवन उप-नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। निगम के प्रेस एवं सूचना निदेशालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, शनिवार को दिल्ली के सभी 12 जोनों में व्यापक प्रवर्तन (Enforcement) अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक सुरक्षा और भवन मानदंडों का अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत MCD ने 16 स्थानों पर ध्वस्तीकरण (Demolition) कार्रवाई की। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाली संपत्तियों को सील किया गया और 3 संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश जारी किए गए।

सभी 12 जोनों में सख्त निगरानी के निर्देश

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि MCD अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत किसी भी तरह के अवैध निर्माण और भवन नियमों के उल्लंघन को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।

MCD मुख्यालय द्वारा सभी 12 जोनों के क्षेत्रीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी रखें और भवन उप-नियमों व मास्टर प्लान का उल्लंघन करने वाली इमारतों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

जनसुरक्षा से समझौता नहीं: MCD

निगम ने बयान जारी कर दोहराया कि खतरनाक इमारतों, बिना मंजूरी के किए जा रहे निर्माण और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले ढांचागत उल्लंघनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी पूरी रंगत और सख्ती के साथ जारी रहेगा। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे भवन निर्माण के दौरान निर्धारित उप-नियमों का पालन करें और अनधिकृत निर्माण से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *