खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कानून का उल्लघंन कर अपनी बेटी शिवांगी सक्सेना को खादी लाउंज के डिजाइन का ठेका दिया- संजय सिंह

Listen to this article

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कानून का उल्लघंन कर अपनी बेटी शिवांगी सक्सेना को खादी लाउंज के डिजाइन का ठेका दिया। खादी ग्रामोद्योग का अध्यक्ष रहते हुए कोई अपनी बेटी को ठेका कैसे दे सकता है? उप राज्यपाल ने केवीआईसी एक्ट 1961 का खुला उल्लंघन किया है। आम आदमी पार्टी कोर्ट जाने की तैयारी कर रही है। उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने केवीआईसी अध्यक्ष रहते हुए पहले ब्लैक मनी को व्हाइट किया और फिर बेटी को ठेका दिया। उन्होंने कहा कि हमने उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के ख़िलाफ़ जांच का स्वागत किया लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला। भाजपा की केंद्र सरकार ने अबतक एलजी के खिलाफ कोई केस नहीं किया। वीके सक्सेना के घोटालों की जांच क्यों नहीं होनी चाहिए? आम आदमी पार्टी और सीएम अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने भ्रष्टाचार किया है तो उस भ्रष्टाचार की आग से बच नहीं सकते हैं। मैं पीएम मोदी से पूछता हूं कि दिल्ली के लोगों ने आपका क्या बिगाड़ा? उप राज्यपाल पद के लिए कोई अच्छा ईमानदार व्यक्ति नहीं मिला? दिल्ली को दाग़ी एलजी क्यों दिया? पीएम मोदी को अब परिवारवाद पर एक भी शब्द कहने का हक़ नहीं है।‌ अगर वह परिवारवाद के खिलाफ हैं तो एलजी को बर्खास्त करें। विधायक अखिलेश त्रिपाठी ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल का चरित्र बहुत ही संदेहास्पद है। पूर्व में खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए ब्लैक मनी को व्हाइट किया और खादी इंडिया लाउंज की डिजाइनिंग का ठेका अपनी बेटी को दिया। विधायक ऋतुराज झा ने कहा कि उपराज्यपाल की बेटी को काम का कोई अनुभव नहीं है फिर भी उसको इतना बड़ा ठेका दे दिया। वीके सक्सेना के तमाम घोटालों की सीबीआई-ईडी के जरिए जांच होनी चाहिए। जब तक इन घोटालों की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती तब तक उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है‌। पीएम मोदी तुरंत प्रभाव से इनको पद से हटाएं। विधायक प्रवीण देशमुख ने कहा कि खादी ग्रामोद्योग में चैयरमेन रहते हुए उप राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने इतने बड़े-बड़े घोटाले किए हैं। अब यह व्यक्ति दिल्ली के लिए खतरा बन चुके हैं। दिल्ली में रह गए तो पता नहीं कितने बड़े घोटाले करेंगे। एलजी अगर तर्क देते हैं कि अपनी इंटीरियर डिजाइनिंग की पढ़ाई करने वाली बेटी को ठेका दिया तो मैं भी एमबीए पढ़ा लिखा व्यक्ति हूं। क्या नरेंद्र मोदी मुझे प्रबंधन के लिए सेंट्रल विस्टा का प्रोजेक्ट देंगे? विधायक मदनलाल ने कहा कि यह सीधे-सीधे अपनी बेटी को सरकारी विभाग में फायदा पहुंचाने का केस है। इसकी केवल जांच ही नहीं, बल्कि दोषी पाए जाने पर सजा भी होनी चाहिए। आप विधायक कल एलजी को कानून व्यवस्था को लेकर ज्ञापन देने एलजी ऑफिस गए थे। लेकिन अंदर से आदेश आया कि एलजी साहब सो रहे हैं, अभी नहीं मिल सकते। विधायक दिनेश मोहनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि रेवड़ी कल्चर है। रेवड़ी के बारे में कहावत है कि अंधा बांटे रेवड़ी, अपने-अपनों को दे। जिस तरह की रेवड़ी एलजी ने अपनी बेटी को दी है, वह दिखाता है कि रेवड़ी कल्चर क्या है?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी क्या 130 करोड़ की आबादी में एक भी ईमानदार और अच्छा आदमी आपको दिल्ली के उपराज्यपाल पद के लिए नहीं मिला- संजय सिंह आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य‌ सभा सदस्य संजय सिंह और विधायकों ने आज पार्टी मुख्यालय में महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया। राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल के मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर तमाम कारनामों से यह महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता जुड़ी हुई है। मैं देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से पूछना चाहता हूं कि दिल्ली के लोगों ने आपका क्या बिगाड़ा है कि 130 करोड़ की आबादी में एक भी ईमानदार और अच्छा आदमी आपको दिल्ली के उपराज्यपाल पद के लिए नहीं मिला। दिल्ली में दागी एलजी क्यों रखा है, दागी एलजी को हटाना पड़ेगा‌। इनके कारनामे एक नहीं अनेक हैं। जब यह खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष थे उस समय इन्होंने अपने पद का दुरुपयोग किया। खादी में जो विभिन्न पदों पर सेवाएं देने का जो एक्ट बना है, उसका दुरुपयोग करते हुए अपनी बेटी को खादी के लाउंज की डिजाइनिंग का जिम्मा दिया। उसका नाम मुंबई के उस लाउंज के उद्घाटन पत्थर पर लिखा हुआ है। राज्य सभा सांसद संजय सिंह ने शिलापट्ट दिखाते हुए कहा कि यह वो खादी का लाउंज है जो मुंबई में बनाया गया। इस खादी के लाउंज की डिजाइनिंग का ठेका एलजी वीके सक्सेना ने केवीआईसी का चेयरमैन रहते हुए अपनी पुत्री शिवांगी सक्सेना को दिया। मंत्री की ओर से किए गए उद्धाटन में वीके सक्सेना मौजूद थे। मैं सीधे तौर पर मांग करता हूं कि जिस एलजी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए अपनी बेटी को यह इंटीरियर डिजाइनिंग का ठेका दिया उसको तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उसको उसके पद से हटाना चाहिए। केवीआईसी के 1961 का खुला उल्लंघन दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने किया है। पूरे मामले पर आम आदमी पार्टी अपने तमाम वरिष्ठ अधिवक्ताओं से राय ले रही है और कोर्ट में जाने की तैयारी कर रही है की आखिर अध्यक्ष रहते हुए कोई अपनी बेटी को ठेका कैसे दे सकता है। तब तक एलजी को तत्काल पद से हटाया जाए। उनको अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है।

भ्रष्टाचार का यह दूसरा मामला है, पहले मामले में केवीआइसी के अध्यक्ष रहते हुए वीके सक्सेना ने नोटबंदी के दौरान कालेधन को सफेद किया- संजय सिंह उन्होंने कहा कि यह दूसरा मामला है। पहले मामले में केवीआइसी के अध्यक्ष रहते हुए वीके सक्सेना ने नोटबंदी के दौरान कालेधन को सफेद किया। सिर्फ एक ब्रांच से 2 कर्मचारियों की लिखित शिकायत है कि अध्यक्ष के कहने पर 22 लाख रुपए बदले गए। सैकड़ों करोड़ों रुपए की हेराफेरी पूरे देश के अंदर की गई। एक व्यक्ति जो इतना बड़ा दागी है और अपने ही परिवार को ठेके पर ठेका दिए जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी आज के बाद आपके अंदर परिवारवाद के खिलाफ बोलने का नैतिक साहस नहीं होना चाहिए। अगर आप परिवारवाद के खिलाफ हैं तो इसे साबित कीजिए। जिस एलजी ने केवीआईसी के अध्यक्ष रहते हुए अपनी बेटी को ठेका दिया उस एलजी को आपने क्यों दिल्ली का एलजी बनाया? अगर अब आपको जानकारी मिल गई है तो कितनी देर में एलजी को हटा रहे हैं। हम मांग करते हैं कि ऐसे एलजी को जो नोटबंदी के दौरान पैसों की हेराफेरी में शामिल हो, जिसने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बेटी को ठेका दिया हो, ऐसे व्यक्ति को तत्काल दिल्ली के एलजी के पद से बर्खास्त किया जाए। इनके खिलाफ सारे मामलों में कानूनी कार्रवाई की जाए। दिल्ली में दागी एलजी नहीं चलेगा। प्रधानमंत्री जी को बताना चाहिए कि दिल्ली से क्या दुश्मनी है? क्या 130 करोड़ हिंदुस्तानियों में आपको एक भी ईमानदार आदमी दिल्ली का एलजी बनाने के लिए नहीं मिला। उन्होंने कहा कि “आप” विधायक कल प्रदर्शन करने गए थे। तब इनको घसीट घसीट कर गिरफ्तार कर थाने में बैठा दिया। एलजी कह रहे हैं कि भ्रष्टाचार जीरो टोलरेंस है। आम आदमी पार्टी और सीएम अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस है, भले वह उपराज्यपाल वीके सक्सेना ही क्यों ना हों। उपराज्यपाल वीके सक्सेना जी याद रखिएगा कि अगर आपने भ्रष्टाचार किया है तो उस भ्रष्टाचार की आग से बच नहीं सकते हैं। उस आग के दायरे में आपको आना पड़ेगा। आपने जो काले कारनामे किए हैं उनका खुलासा करना ही पड़ेगा। उन काले कारनामों पर कानूनी कार्रवाई तो करनी पड़ेगी। आपने एक नहीं अनेक मामले किए हैं। इनका धीरे-धीरे करके खुलासा कर रहे हैं।

आखिर भाजपा एलजी के मामले में क्यों खामोश है, एलजी के ऊपर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं कराई जा रही है- संजय सिंह सांसद संजय सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार पर दो नजरिए नहीं हो सकते हैं। मनीष सिसोदिया के खिलाफ जांच कराई, जिसका हमने स्वागत किया। हमने कहा कि भ्रष्टाचार के मामले को लेकर अगर कोई आप झूठी-फर्जी जांच भी कर रहे हैं तो भी आप कर लीजिए। लेकिन यहां दिल्ली में तो दागी एलजी बिठा रखा है। मुझे हैरानी है कि चिल्लाकर बोलने वाली भारतीय जनता पार्टी ने अब तक एलजी के खिलाफ कोई भी मामला दर्ज नहीं किया है। जांच की शुरुआत नहीं की है। आखिर भाजपा एलजी के मामले में क्यों खामोश है और एलजी के ऊपर एफआईआर दर्ज क्यों नहीं कराई जा रही है। जब इतने सारे मामले निकल कर सामने आ रहे हैं। विनय कुमार सक्सेना ने पहले नोटबंदी में हेराफेरी की तो उसकी जांच क्यों नहीं हो रही है। जब एक अखबार ने इस संबंध में उप राज्यपाल की बेटी से पूछा कि क्या आपको इंटीरियर डिजाइनिंग का अनुभव है। उसने स्वीकार किया है कि मैं एकदम नई इंटीरियर डिज़ाइनर हूं। मुझे कोई बहुत अनुभव नहीं है ट। ऐसे में आपने किस आधार पर ठेका दे दिया।

उपराज्यपाल ने बेटी को ठेका देकर परिवारवाद को बढ़ाने का काम किया है- अखिलेश त्रिपाठी मॉडल टाउन से विधायक अखिलेश त्रिपाठी ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल का चरित्र बहुत ही संदेहास्पद है। पूर्व में अपने पद पर रहते हुए तमाम घोटाले किए हैं। चाहे वह नोटबंदी के दौरान ब्लैक मनी को व्हाइट करने का मामला हो या चाहे अब जो मामला आया है कि खादी इंडिया लाउंज, मुंबई में डिजाइनिंग का ठेका अपनी बेटी को दे दिया अपने चेयरमैन रहते हुए। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। दिल्ली में भी पांच बड़े बाजारों का विश्वस्तरीय सौंदर्यीकरण का काम हो रहा है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया उस कार्य को देख रहे हैं। उन्होंने अपने बेटे बेटियों का तो इसका ठेका नहीं दिया। पूरे देश के बेटे बेटियों को आमंत्रित किया कि आप अपने डिजाइन लेकर आइए। उस डिजाइन को सबके सामने रखा जाएगा और जो सबसे अच्छा होगा। उस देश के प्रतिभावान बेटे बेटी को मेहनत का फल मिलना चाहिए। उपराज्यपाल ने बेटी को ठेका देकर परिवारवाद को बढ़ाने का काम किया है। प्रधानमंत्री मोदी परिवारवाद पर बोलने का जो दावा करते थे वह आज खो चुके हैं। आज के बाद उनको परिवारवाद पर बोलने का अधिकार नहीं रह गया है। अगर वह परिवारवाद पर बोलने का दावा रखना चाहते हैं तो तुरंत दिल्ली के उपराज्यपाल को हटाएं, जो कि दागी हैं।

घोटालों की सीबीआई ईडी के जरिए जांच होनी चाहिए- ऋतुराज झा किराडी विधायक ऋतुराज झा ने कहा कि यह बेहद ही गंभीर आरोप हैं। इसके प्रमाण भी प्रेस वार्ता के जरिए रखे गए हैं। पुराने नोटों को बदलकर नया नोट दिया गया, उसकी जांच होनी चाहिए। एक ऐसी लड़की जो कि आपकी बेटी है और उसको कोई अनुभव नहीं है काम करने का, उसको आपने इतना बड़ा ठेका दे दिया। इन तमाम घोटालों की सीबीआई ईडी के जरिए जांच होनी चाहिए। क्योंकि उपराज्यपाल एक संवैधानिक पद पर बैठे हुए हैं। 130 करोड़ लोगों में क्या इन्हें केवल एक यही भ्रष्ट व्यक्ति मिला उपराज्यपाल बनाने के लिए। जब तक इसकी जांच निष्पक्ष रुप से नहीं हो जाती तब तक उपराज्यपाल वीके सक्सेना को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इनको तुरंत प्रभाव से पद से हटाया जाए।

भाजपा अपने दोस्तों को देश+दुनिया का नंबर वन उद्योगपति बनाना चाहते हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल सरकार हिंदुस्तान को दुनिया का नंबर वन देश बनाना चाहती है- प्रवीण देशमुख जंगपुरा विधायक प्रवीण देशमुख ने कहा कि महज एक सप्ताह पहले एक बहुत बड़ा घोटाला खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए सामने आया। पूरे देश ने देखा कि खादी ग्रामोद्योग में किस तरह से नोटबंदी का फायदा उठाकर ब्लैक मनी को व्हाइट किया गया। अब दोबारा दूसरा घोटाला सामने आ गया है। खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए अपनी बेटी को ठेका दे दिया। जिस तरीके से लगातार एक के बाद एक घोटाले सामने आ रहे हैं। हमारी जब उपराज्यपाल से बैठक हुई तब हमें लगा कि दिल्ली में बहुत काम करेंगे। लेकिन भोले भाले के पीछे एक शैतान बैठा हुआ है। जिसने पहले खादी ग्राम उद्योग में इतने बड़े बड़े घोटाले किए हैं और अब यह व्यक्ति दिल्ली के लिए खतरा बन चुके हैं। दिल्ली में रह गए तो मुझे लगता है कि दिल्ली में कितने बड़े घोटाले करेंगे। ऐसे में पता नहीं कितने सगे संबंधियों को ठेके दे देंगे। ऐसे में तत्काल एलजी तो बर्खास्त किया जाना चाहिए। अगर एलजी कहते हैं कि कि उन्होंने अपनी बेटी को कॉन्ट्रैक्ट दिया मैं भी एमबीए पढ़ा लिखा व्यक्ति हूं, क्या नरेंद्र मोदी मुझे सेंट्रल विस्टा का प्रोजेक्ट दे देंगे प्रबंधन के लिए। भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से परिवारवाद फैलाना चाहती है। अपने बच्चों को सगे संबंधियों को देश के बड़े पदों पर बैठाना चाहती हैं। यह अपने दोस्तों को देश+दुनिया का नंबर वन उद्योगपति बनाना चाहते हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल सरकार हिंदुस्तान को दुनिया का नंबर वन देश बनाना चाहती है।

प्रधानमंत्री ने कल कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कुछ ताकतवर लोग बचाते हैं, ऐसे में क्या बीजेपी का पॉवर हाउस एलजी को बचाने का काम कर रहा है?- मदन लाल विधायक मदनलाल ने कहा कि कुछ दिनों से हम लगातार दिल्ली के उपराज्यपाल के बारे में जितना भी सुनते आए हैं, ऐसा लगता है कि उन्होंने बेईमानी की पराकाष्ठा को पार किया है। उनके खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए हेड कैशियर ने आरोप लगाए कि खादी भंडार से 22.80 लाख रुपए के पुराने नोट, नोटबंदी के दौरान बदले गए। उस दौरान प्रधानमंत्री कार्यालय से आदेश आता था कि यह नोट बंद कर दिए गए हैं। एक आदेश यह भी आया कि अगर किसी के पास पुराने नोट पकड़े जाएंगे तो उन्हें सजा होगी। ऐसे काम करते हुए, वर्तमान में दिल्ली के एलजी, जो उस समय खादी ग्रामोद्योग के चेयमैन थे, उन्होंने कभी नहीं सोचा की इतना बड़ा घोटाला वो अपने रहते हुए कर रहे हैं। खादी ग्रामोद्योग के 7 हजार आउटलेट्स हैं। वहां 1400 करोड़ का घोटाला किसके आदेश पर हुआ है? वह अभी इसका जवाब ही नहीं दे पा रहे थे तब अचानक एक नया खुलासा हुआ है कि उन्होंने खादी ग्रामोद्योग का चेयरमैन रहते हुए कानून का उल्लघंन करते हुए, अपनी ही बेटी को डिजाइनिंग का ठेका दे दिया। यहां महत्वपूर्ण यह नहीं है कि उन्होंने पैसे दिए या नहीं दिए बल्कि महत्वपूर्ण ये है कि उन्होंने अपनी बेटी शिवांगी सक्सेना को डिजाइन करने का काम सौंपा। हम सब जानते हैं कि जब कोई डिजाइनर होता है तो वो केवल डिजाइन नहीं करता, बल्कि उसके पीछे एक कंपनी खड़ी होती है, जो उस डिजाइन को लागू करती है। उस काम को लागू करने के लिए वो कंपनी उस विभाग से बहुत बड़ा पैसा लेती हैं। इसमें डिजाइनर एक बड़ा रोल अदा करते हैं। अगर हम थोड़ी देर यह मान भी लें कि खादी ग्रामोद्योग में शिवांगी सक्सेना को मुफ्त में रखा। इसकी क्या गारंटी है कि उस कंपनी ने उन्हें पैसे नहीं दिए। ये सीधे-सीधे अपनी बेटी को सरकारी विभाग में फायदा पहुंचाने का केस है। इसकी केवल जांच ही नहीं, बल्कि दोषी पाए जाने पर सजा भी होनी चाहिए। सरकार ने कानून बनाया है। भले चेयरमैन हो, अगर उन्होंने उस कानून का पालन नहीं किया है तो उन्हें सजा होनी चाहिए। इस केस में साफ साफ नजर आता है कि अपनी बेटी को डिजाइनर का काम सौंपना कानून का उल्लघंन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कल भी कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को कुछ ताकतवर लोग बचाते हैं। तो क्या बीजेपी का पॉवर हाउस एलजी को बचाने का काम कर रहा है? हम कुछ विधायक कल एलजी कार्यालय गए थे। हम एलजी को कानून व्यवस्था को लेकर ज्ञापन देना चाहते थे। लेकिन हमें मिलने नहीं दिया गया, जोकि बड़े शर्म की बात है। अंदर से आदेश आया कि एलजी साहब सो रहे हैं, ऐसे में अभी नहीं मिल सकते। अगर कोई एलजी दफ्तर में जाए और दिल्ली के चुने हुए प्रतिनिधियों से न मिले और ये कहें कि वो सो रहे हैं, तो यह हैरानी की बात है। हमारी रिप्रजेंटेशन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इससे पहले परसों हम सीबीआई के दफ्तर गए। वहां हम विधायक-सांसद घंटों सड़क पर खड़े रहे। हमें वहां नहीं जाने दिया गया। काफी मश्क्कत के बाद हमारा रिप्रजेंटेशन एक्सेप्ट किया गया। उस पर भी हमें शक है कि कोई कार्रवाई होगी। हम चाहते हैं कि ऐसे मामलों की जांच हो। जबतक जांच पूरी न हो जाए तब ऐसे व्यक्ति को उस पद पर रहने का कोई हक नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार कहते हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस होगा, वो मामले में संज्ञान लें। खुद एलजी रोज ढिंढोरा पीट रहे है और बैठक कर कर रहे हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस है। वह तुरंत अपना पद छोड़ें और प्रधानमंत्री इस मामले में संज्ञान लेकर आवश्यकर कदम उठाएं।

कानून व्यवस्था बेहद खराब होती जा रही है। लेकिन एलजी साहब के पास इतना वक्त भी नहीं था कि वो दिल्ली के चुने हुए प्रतिनिधियों से मिल सकें- दिनेश मोहनिया विधायक दिनेश मोहनिया ने कहा कि जिस तरीके का व्यवहार एलजी साहब का पिछले कुछ दिनों से रहा है। लगातार उनपर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। इन्हीं मुद्दों को लेकर हम सभी विधायक कल उनके पास गुहार लेकर गए थे कि कानून व्यवस्था की बेहद समस्या है। कानून व्यवस्था बेहद खराब होती जा रही है। लेकिन एलजी साहब के पास इतना वक्त भी नहीं था कि वो दिल्ली के चुने हुए प्रतिनिधियों से मिल सकें और उनकी बात सुन सकें। लेकिन जब हम दूसरी तरफ देखते हैं तो लगातार उनपर भ्रष्टाचार, मनी लॉड्रिंग व अपनी बेटी को ठेका देने के आरोप लग रहे हैं। इतने आरोपों के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं दिख रहा है कि वह इन बातों का जवाब दें। जब एक तरफ प्रधानमंत्री कहते हैं कि रेवड़ी कल्चर हैं। रेवड़ी के बारे में कहावत है कि अंधा बांटे रेवड़ी, अपने-अपनों को दे। जिस तरह की रेवड़ी एलजी ने अपनी बेटी को दी है, वह दिखाता है कि रेवड़ी कल्चर क्या है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुफ्त स्वास्थ्य- शिक्षा दे रहे हैं, उन्हें रेवड़ी कहना बिल्कुल गलत है। अब यह देखना है कि परिवारवाद की बात जो प्रधानमंत्री करते हैं वो एलजी साहब पर लगे इतने संगीन आरोपों पर क्या कार्रवाई करते हैं। हम मांग करते हैं कि एलजी साहब को जल्द से जल्द अपने पद से इस्तिफा देना चाहिए।

Print Friendly, PDF & Email