*निगम ने पार्क में अवैध रूप से रखे 75 पशुओं को छुड़ाया
*दिल्ली नगर निगम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 01 फरवरी से आज तक 1300 आवारा पशुओं को पकड़ा एवं 16 अनाधिकृत डेयरियों को सील किया
*दिल्ली नगर निगम ने 104 डेयरी मालिकों का चालान किया
दिल्ली नगर निगम आवारा पशुओं एवं अनाधिकृत डेयरियों के विरुद्ध निरंतर रूप से कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में दिल्ली नगर निगम ने केशवपुरम क्षेत्र में कड़ी कार्रवाई करते हुए कोहाट एनक्लेव इलाके में स्थित पार्क में पुलिस की सहायता से अवैध रूप से रखे 75 पशुओं को छुड़ाया। निगम का पशु चिकित्सा विभाग अवैध डेयरी मालिक के विरुद्ध पशुओं के साथ क्रूरता एवं अवैध रूप से डेयरी चलने के लिए एफआईआर दर्ज कराने के लिए प्रक्रियारत है। पार्क में चार मृत पशु भी पाए गए। पशुओं को बचाने के लिए निगम के बाकी क्षेत्रों से भी कार्यबल लगाया गया।
दिल्ली नगर निगम ने 01 फरवरी से आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए वृहद स्तर पर अभियान चलाया है। इस दिशा में कार्य करते हुए निगम के पशु चिकित्सा विभाग ने आज तक सभी 12 क्षेत्रों से 1300 आवारा पशुओं को पकड़ा है। दिल्ली नगर निगम के पशु चिकित्सा विभाग ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों जैसे टोडापुर, पान मंडी,नबी करीम,बुध विहार,रोहिणी सेक्टर 23,सभोली, आर के पुरम,सरिता विहार,मलकागंज,गंगा विहार,रोहिणी सेक्टर 16,वसंत विहार इत्यादि से आवारा पशुओं को पकड़ा एवं गंगा विहार इलाके में अनाधिकृत डेयरी को भी सील किया।पशुपालन विभाग ने शहरी क्षेत्रों में अनाधिकृत रूप से चल रही डेयरियों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की है। अनाधिकृत डेयरियों में गोबर एवं पशुओं का मूत्र नालियों में बहा दिया जाता है जिसकी वजह से जल प्रदूषण होता है। निगम ने कड़ी कार्रवाई करते हुए अपने सभी क्षेत्रों में अनाधिकृत रूप से चल रही 16 डेयरियों को सील किया गया एवं 104 डेयरी मालिकों का चालान किया गया।
दिल्ली नगर निगम ने सार्वजनिक सूचना के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में अनाधिकृत डेयरी संचालित करने वाले सभी डेयरी मालिकों से अपने परिसरों से डेयरी हटाने की अपील की थी। निगम का पशु चिकित्सा विभाग आवारा पशुओं एवं शहरी क्षेत्रों मे चल रही अनाधिकृत डेयरियों की समस्या का समाधान करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है तथा आने वाले दिनों में और भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी।