अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में चलाई जा रही नीतियां सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का मॉडल है – वीरेन्द्र सचदेवा
बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा पर भी केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों को राहत पहुंचाने के नाम पर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया – वीरेन्द्र सचदेवा
केजरीवाल सरकार के जन विरोधी नियमों और नीति से नाखुश बड़ी संख्या में पदाधिकारी आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले हैं – मनोज तिवारी
आम आदमी पार्टी में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की जगह नहीं है – राजकुमार बल्लन
गाजीपुर ए.पी.एम.सी. के चेयरमैन राज कुमार बल्लन आज अपने पद से इस्तीफा देकर एवं आम आदमी पार्टी छोड़ कर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद श्री मनोज तिवारी की उपस्थिति में भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए जहां दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और सांसद मनोज तिवारी ने पार्टी पटका पहना कर और फूल गुलदस्ता भेंट करके पार्टी में उनका स्वागत किया।
बल्लन के साथ आम आदमी पार्टी के पूर्वांचल विंग के उपाध्यक्ष अनिल झा भी भाजपा में शामिल हुए। दिल्ली भाजपा कार्यालय में विधायक श्री अजय महावर, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना एवं प्रवीण शंकर कपूर उपस्थित थे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राज कुमार बल्लन का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में चलाई जा रही जन विरोधी नीतियां सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का मॉडल हैं। हर काम के पीछे सिर्फ भ्रष्टाचार को अंजाम देना ही अरविंद केजरीवाल का एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि श्री राजकुमार बल्लन इस बात के उदाहरण हैं कि अरविंद केजरीवाल की कथनी और करनी में काफी अंतर हैं।
सचदेवा ने कहा कि दिल्ली में केजरीवाल सरकार द्वारा हर एक कार्य सुनोयोजित तरीके से किया जा रहा है ताकि उसमें पैसे की उगाही हो सके। बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा पर भी केजरीवाल सरकार ने दिल्लीवासियों को राहत पहुंचाने के नाम पर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया और दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी सरकार अपनी काली करतूतों को छिपाने के लिए कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों को गले लगा रही हैं।
सांसद मनोज तिवारी ने राजकुमार बल्लन का गाजीपुर ए.पी.एम.सी. के चेयरमैन पद छोड़ भाजपा परिवार में शामिल होने को बड़ी घटना बताते हुए कहा कि यह केजरीवाल सरकार के ऊपर एक प्रश्नचिन्ह हैं और आज एक बड़ी संख्या केजरीवाल सरकार के जन विरोधी नियमों और नीति से नाखुश है और बड़े पदों पर होने के बावजूद वे आम आदमी पार्टी छोड़ने वाले हैं।
राज कुमार बल्लन ने आम आदमी पार्टी पर वार्तलापहीन पार्टी होने का आरोप लगाया और कहा कि जिस उम्मीद के साथ एक अच्छी राजनीति करने के उद्देश्य से हमने पार्टी ज्वॉइन की थी, उसमें हमें पिछले दो सालों में सिर्फ निराशा हाथ लगी।
बाढ़ में मात्र 10,000 रुपये का मुआवजा देना केजरीवाल की अनैतिकता की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं को कभी केजरीवाल कोसा करते थे आज उन्हीं के साथ गले मिल रहे हैं। आम आदमी पार्टी के अंदर लोकतांत्रित प्रक्रिया की कोई जगह नहीं है और केजरीवाल सिर्फ अपनी बात को मनवाने में विश्वास रखते हैं।