*उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग का पॉप संगीत समारोह मंगलवार से
पहला आयोजन नोएडा में, इसके बाद लखनऊ, कानपुर और आगरा में
दिल्ली, 11 सितंबर: उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग भारत और दक्षिण कोरिया के राजनयिक संबंध की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस क्रम में प्रदेश के विभिन्न शहरों में दक्षिण कोरियन के पॉप संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा। पहला आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में होगा। यहां 12 सितंबर को दक्षिण कोरियन के पॉप कलाकार अउरा और फ्राइडे अपनी शानदार प्रस्तुति देंगे। इसका मकसद दोनों देशों के संबंधों को और प्रगाढ़ बनाना है। इससे लोग एक—दूसरे की संस्कृति से भी परिचित होंगे। यह बातें उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के विशेष सचिव अश्विनी कुमार पांडेय ने कही। वह सोमवार को पत्रकारवार्ता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कला कोई भी हो, उसकी लोकप्रियता दूरी को खत्म करती है। दक्षिण कोरियन पॉप संगीत के प्रशंसकों की भारत में कमी नहीं है। यहां बड़ी संख्या में, खासकर युवा संगीत की इस विधा को देखते, सुनते और समझते हैं। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से इसी लोकप्रियता को देखते हुए 50वीं वर्षगांठ पर संगीत समारोह का आयोजन किया जा रहा है। ताकि लोग बिल्कुल नजदीक से उन कलाकारों की कला का लुत्फ उठा सकें जो इंटरनेट या दूसरे अन्य माध्यमों की मदद लेते हैं। इस आयोजन के जरिये श्रोता—दर्शक दोनों देशों के राजनयिक संबंध के महत्व को भी जान सकेंगे।
दक्षिण कोरिया के 108 बौद्ध तीर्थयात्री आए थे भारत
विशेष सचिव पर्यटन ने कहा कि भारत और दक्षिण कोरिया के बीच राजनयिक संबंध वर्ष 1973 से चले आ रहे हैं। इसकी वजह से दोनों देश एक दूसरे की हरसंभव मदद के लिए तैयार रहते हैं। दोनों देशों की ओर से 50वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। अभी फरवरी—मार्च में दक्षिण कोरिया के 108 बौद्ध तीर्थयात्रियों ने भारत—नेपाल में 43 दिनों की अवधि में करीब 1,100 किमी से अधिक पैदल यात्रा की थी। पर्यटक 9 फरवरी 2023 से 23 मार्च 2023 तक भारत और नेपाल में बौद्ध पवित्र स्थलों की यात्रा की थी। पैदल तीर्थयात्रा वाराणसी में सारनाथ से शुरू होकर, नेपाल से होते हुए श्रावस्ती में पूरी हुई थी। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच मित्रता और सहयोग बढ़ाना था। साथ ही पर्यटकों को भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का प्रत्यक्ष अनुभव करने और उनके जीवनकाल के दौरान उनके पदचिन्हों का पता लगाने में मदद करना था।
यहां होंगे कार्यक्रम
12 सितंबर, 2023-शारदा यूनिवर्सिटी, ग्रेटर नोएडा
15 सितम्बर, 2023 – एसआरएमयू, लखनऊ
16 सितंबर, 2023 – एलनहाउस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कानपुर
27 सितम्बर, 2023 – संस्कृति विश्वविद्यालय, आगरा/मथुरा रोड