संजय सिंह की गलत गिरफ्तारी और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ “आप” का प्रचंड प्रदर्शन, पुलिस ने भाजपा मुख्यालय जाने से रोका

Listen to this article
  • “आप” कार्यकर्ताओं ने ‘संजय सिंह शेर है-रिहा करो और मोदी जब-जब डरता है- ईडी को आगे करता है’ के खूब लगाए नारे
  • दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग कर प्रदर्शन खत्म कराया, सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया
  • दिल्ली पुलिस ने ‘आप’ कार्यकर्ताओं को लाठियों से पीटा, जिससे कई कार्यकर्ता हुए लहूलुहान
  • सांसद संजय सिंह की बुलंद आवाज़ से डरकर मोदी सरकार ने ईडी के जरिए उनको गिरफ्तार करवाया- कुलदीप कुमार
  • पुलिस ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पीटा, जिसमे कई लोगों के सिर फट गए, कई महिलाओं को भी चोट आई- कुलदीप कुमार
  • ईडी से हमारा सवाल है कि पिछले 15 महीनों से तथाकथित घोटाले की चल रही जांच में अब तक क्या मिला?- आदिल अहमद खान
  • मोदी जी जानते हैं कि उनकी विदाई तय है, इसलिए उन्होंने सारी एजेंसियों और पुलिस को आगे कर दिया है- आदिल अहमद खान

“आप”सांसद संजय सिंह की गलत गिरफ्तारी और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा मुख्यालय पर प्रचंड प्रदर्शन किया। दिल्ली के कोने कोने से आए हजारों “आप” कार्यकताओं और समर्थकों ने हाथों में नारों से लिखी तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सांसद संजय सिंह को तुरंत रिहा करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस के भारी बल प्रयोग का भी सामना करना पड़ा। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। “आप” का कहना है कि अडानी का घोटाला खोलने पर संजय सिंह की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ बल प्रयोग किया और विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज की, जिसमे कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई है। कुछ कार्यकर्ता पुलिस की लाठी से लहूलुहान तक हो गए। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

भाजपा मुख्यालय के पास प्रचंड विरोध प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी जब-जब डरता है-ईडी को आगे करता है, मोदी तेरी तानाशाही, नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, संजय सिंह शेर है, संजय सिंह को रिहा करो, भाजपा मुर्दाबाद, ईडी-सीबीआई मुर्दाबाद, 2024 में मोदी को जाना होगा, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो, ‘ईडी-सीबीआई भाजपा के भाई समेत अन्य नारे लगाए। वहीं, दिल्ली पुलिस ने जबरन ‘‘आप’’ नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके कारण कुछ देर बाद प्रदर्शन को समाप्त करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि पिछले 15 महीनों से ईडी-सीबीआई मोदी जी के कहने पर एक फर्जी केस में जांच कर रही है लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि जिस आधार पर ईडी ने यह गिरफ्तारी की है, यदि यह केस कोर्ट में जाएगा तो एक मिनट नहीं टिकेगा। इसके बाद भी लगातार गिरफ्तारी जारी है। सांसद संजय सिंह गरीबों की बुलंद आवाज़ हैं जो मोदी सरकार के खिलाफ बोलने में बिल्कुल हिचकिचाते नहीं हैं। इसलिए मोदी सरकार ने ईडी के माध्यम से उनको गिरफ्तार करवाया है।

उन्होंने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में पुलिस ने जिस प्रकार से मार-पीट की है, कई लोगों के सिर फट गए और कई महिलाओं को भी चोट आई है। पुलिस की यह बर्बरता दिखाती है कि मोदी जी के इशारे पर संविधान को बदला जा रहा है। इस देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि चाहे आप कुछ भी कर लो, 2024 के चुनाव में आपका जाना तय है। आपके मंसूबों के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।

उधर, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आदिल अहमद खान ने कहा कि हमारा सिर्फ एक सवाल है कि पिछले 15 महीनों के तथाकथित शराब घोटाले में ईडी को क्या मिला? इन्होंने मनीष सिसोदिया जी को गिरफ्तार कर लिया, उनका घर, बैंक लॉकर, गांव, सब छान मारा, लेकिन आजतक ये नहीं बता पाए कि आपने क्या बरामद किया है। फिर आपने संजय सिंह के घर पर पूरा दिन छापेमारी की। इसके बावजूद आप नहीं बता पा रहे हो कि आपको उनके घर से क्या मिला? खुद सुप्रीम कोर्ट ने भी सवाल किया है कि आप बताएं कि आपको क्या मिला है? आपको भ्रष्टाचार के 25 पैसे भी नहीं मिले हैं। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के समय मोदी जी की दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की लाठी से पिटाई की, उन्हें लहूलुहान कर दिया। मैं पूछना चाहता हूं कि मोदी जी, अगर कोई सावल करेगा तो क्या आपकी पुलिस उसपर लाठीचार्ज करेगी? मोदी जी जानते हैं कि उनकी विदाई तय है। इसलिए उन्होंने सारी एजेंसियों और पुलिस को आगे कर दिया है। उनके खिलाफ कोई बोल नहीं सकता है, यह लोकतंत्र की हत्या है। मोदी जी, हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं, सिर पर कफन बांधकर निकले हैं, हम न्याय और संविधान के लिए लड़ते रहेंगे। आपकी लाठियों से हम रुकने वाले नहीं हैं।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *