ईडी ने आठ दिन की रिमांड में सांसद संजय सिंह से सिर्फ तीन घंटे की पूछताछ- रीना गुप्ता

Listen to this article
  • रिमांड में संजय सिंह से पूछे गए हास्यप्रद सवाल, ईडी ने पूछा, अपने माता-पिता से पैसे क्यों लिए? ईडी का नाम एंटरटेनमेंट डिपार्टमेंट कर देना चाहिए- रीना गुप्ता
  • तथाकथित शराब घोटाले में संजय सिंह का नाम कभी नहीं आया, लेकिन ईडी ने अचानक रेड कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया- रीना गुप्ता
  • संजय सिंह ने संसद के अंदर और बाहर अडानी-मोदी भ्रष्टाचार को मजबूती से उठाया, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया- रीना गुप्ता
  • मोदी सरकार देश की जांच एजेंसियों का इस्तेमाल केवल विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए कर रही है- रीना गुप्ता
  • हम सब अरविंद केजरीवाल स्कूल ऑफ़ पॉलिटिक्स के सिपाही हैं, ईडी क्या कोई माई का लाल हमें नहीं डरा सकता- रीना गुप्ता

आम आदमी पार्टी ने सांसद संजय सिंह को रिमांड में लेकर ईडी द्वारा पूछे गए सवालों पर प्रश्न उठाया है। ‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता रीना गुप्ता ने कहा कि ईडी ने संजय सिंह को आठ दिन रिमांड में रखा, लेकिन उनसे केवल तीन घंटे ही पूछताछ की। इससे भी बड़ा हास्यप्रद ये है कि ईडी ने उनसे अधिकतर गैर जरूरी प्रश्न किए। मसलन, ईडी ने पूछा कि आपने अपने माता-पिता से पैसे क्यों लिए? अगर ईडी को यही प्रश्न पूछने थे, तो उनको समन करके बुलाना चाहिए था, लेकिन ईडी अपने आलाकमान के इशारों पर नाच रही है। उन्होंने कहा कि 15 महीने से चल रही तथाकथित शराब घोटाले की जांच में संजय सिंह का नाम कभी नहीं आया, लेकिन ईडी ने अचानक उनके घर छापेमारी उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, संजय सिंह ने संसद के अंदर और बाहर अडानी-मोदी भ्रष्टाचार को मजबूती से उठाते रहे हैं। इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया। लेकिन हम सब अरविंद केजरीवाल स्कूल ऑफ़ पॉलिटिक्स की सिपाही हैं। ईडी क्या, कोई माई का लाल हमें नहीं डरा सकता।

आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता रीना गुप्ता ने रविवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि मोदी सरकार में ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और पुलिस समेत सभी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल केवल विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित करने के लिए हो रहा है। ईडी का नाम बदल कर इंटरटेनमेंट डिपार्टमेंट रख देना चाहिए। पिछले 15 महीने से तथाकथित शराब घोटाले की जांच चल रही है। हजार जगह छापेमारी हुई और सैकड़ों लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कहीं पर भी सांसद संजय सिंह का नाम नहीं आया था और ईडी ने कभी पूछताछ के लिए भी उन्हें नहीं बुलाया। संजय सिंह सांसद हैं। एक सांसद को पूछताछ के लिए समन भेजकर बुलाना चाहिए। चूंकि कोई घोटाला नहीं हुआ है। इसलिए इन 15 महीनों में संजय सिंह को नहीं बुलाया गया। अचानक उनके घर पर रेड हुई और पूरे दिन चली। रेड में एक नया पैसा नहीं मिला। फिर भी संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया।

रीना गुप्ता ने कहा कि सांसद संजय सिंह 8 दिन ईडी की रिमांड में रहे। जब कोर्ट में उनको पेश किया गया तब ईडी ने कहा कि उसको रिमांड इसलिए चाहिए क्योंकि संजय सिंह का सामना कुछ लोगों से कराया जाएगा और पूछताछ करेंगे। ईडी ने 8 दिन की रिमांड में केवल तीन घंटे ही संजय सिंह से पूछताछ की। ईडी ने पूछताछ में हास्यप्रद सवाल पूछे। ईडी ने पूछा कि आपने अपनी माता जी 10 हजार रुपए क्यों लिए? आपने अपने पिताजी से पैसे क्यों लिए? संजय सिंह ने जानलेवा बीमारी एसएमए को लेकर बहुत बड़ा कैंपेन चलाया था। ये एक जेनेटिक बीमारी होती है। एक बच्चे को यह बीमारी हुई थी, जिसको संजय सिंह ने भी कुछ पैसे दान दिए। ईडी ने पूछा कि आपने एसएमए से ग्रसित कनव को दान क्यों दिया? ईडी ने संजय सिंह को आठ दिन रिमांड में लेकर इस तरह के सवाल पूछे। अगर यही सवाल पूछने थे तो एक समन भेजना चाहिए था।

रीना गुप्ता ने कहा कि सांसद संजय सिंह ने ईडी कोई कई सारी चिट्ठियां लिखी थीं। उन चिट्ठियों में संजय सिंह ने कहा था कि अडानी भ्रष्टाचार मामले में मेरे पास पुख्ता सबूत है। संजय सिंह ने ईडी से मिलने का समय भी मांगा, ताकि सारे सबूत दिखा सकें। संजय सिंह खुद ईडी के पास जाना चाहते थे, लेकिन ईडी ने मिलने का समय नहीं दिया। अब संजय सिंह को बिना किसी सबूत के गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अब कोर्ट भी ईडी के बारे में बहुत ही कड़े बयान दे रहा है। क्योंकि अब कोर्ट को भी लग रहा है कि ईडी सही से काम नहीं कर रही है। ईडी अपने आलाकमान के इशारों पर नाच रही है।

‘‘आप’’ की वरिष्ठ नेता रीना गुप्ता ने कहा कि लोगों को डरा-धमका कर फर्जी बयान लेकर विपक्ष की आवाज को कमजोर नहीं जा सकता। हम सब अरविंद केजरीवाल स्कूल ऑफ़ पॉलिटिक्स की सिपाही हैं। ईडी क्या कोई माई का लाल हमें नहीं डरा सकता। हम हमेशा देश के गरीबों-किसानों की आवाज उठाई है और उठाते रहेंगे। संजय सिंह ने किसानों के काले कानून, अडानी-मोदी भ्रष्टाचार के मुद्दे को सदन के अंदर और बाहर लगातार उठाया। इसीलिए मोदी जी ने उनको गिरफ्तार कराया। संजय सिंह के खिलाफ कोई भी सबूत और बयान नहीं है। इतिहास गवाह है कि पूरी दुनिया में जब भी कोई तानाशाह डरते हैं तो इसी तरह आम लोगों पर अत्याचार करते हैं, जेल में डालते हैं। यही वजह है कि मोदी जी ने संजय सिंह को गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार किया है। आम आदमी पार्टी ने संजय सिंह की गिरफ्तारी को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हमें पूरा विश्वास है कि कोर्ट से हमें राहत मिलेगी और संजय सिंह शीघ्र रिहा होंगे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *