दिल्ली में अपनी बुरी हार देख महाठग सुकेश चंद्रशेखर का सहारा ले रही भाजपा- सोमनाथ भारती

Listen to this article
  • केजरीवाल से डरी भाजपा लोकसभा चुनाव जीतने के लिए किसी का भी इस्तेमाल कर रही है, चाहे वो महाठग ही क्यों न हो?- सोमनाथ भारती
  • देश के लोग यह जान चुके हैं कि बड़े से बड़ा अपराध करने वाला भी भाजपा में आ जाए तो उसकी वॉशिंग मशीन में धूल कर साफ हो जाता है- सोमनाथ भारती

पूरी दुनिया को स्वास्थ्य का मॉडल देने वाले दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन के खिलाफ एलजी द्वारा सीबीआई जांच के आदेश देने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा को आड़े हाथ लिया। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा दिल्ली की सातों सीटें बुरी तरह से हार रही है। इसलिए अब उसको तिहाड़ में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर का सहारा लेना पड़ रहा है। भाजपा में अरविंद केजरीवाल को लेकर इतना ज्यादा डर पैदा हो गया है कि वो चुनाव जीतने के लिए किसी का भी इस्तेमाल कर रही है, चाहे वो महाठग ही क्यों न हो? उन्होंने एलजी से कहा कि दिल्ली की कानून-व्यवस्था केंद्र सरकार के पास है। इसलिए एलजी को बताना चाहिए कि सुकेश किस 10 करोड़ रुपए के प्रोटेक्शन मनी की बात कर रहा है? देश के लोग अब जान चुके हैं कि बड़े से बड़ा अपराध करने वाला भी भाजपा में आ जाए तो उसकी वॉशिंग मशीन में धूल कर साफ हो जाता है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सोमनाथ भारती ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अरविंद केजरीवाल का कितना खौफ है, इसके कई उदाहरण हैं। बीजेपी में अरविंद केजरीवाल को लेकर इतना अधिक डर पैदा हो गया है कि उनको तिहाड़ जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर का सहारा लेना पड़ रहा है। बीजेपी अपनी हार देखकर इतनी निराश और हताश हो चुकी है कि किसी का भी इस्तेमाल कर रही है। चाहे वह महाठग ही क्यों न हो?

उन्होंने कहा कि तिहाड़ जेल में बंद सुकेश चंद्रशेखर ने किसी उद्योगपति से करीब 200 करोड़ रूपये ठग लिए थे। सुनने में आया है कि उसी ठग ने हमारे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सतेंद्र जैन के खिलाफ 10 करोड़ बतौर प्रोटेक्शन मनी मांगने की शिकायत दर्ज की थी और अब हद ही हो गई कि उस शिकायत पर संज्ञान लेकर एलजी ने प्रीवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट के तहत सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी है। जिस इंसान ने देश के साथ पूरी दुनिया को स्वास्थ्य का एक ऐसा मॉडल दिया, जिसकी चर्चा हर तरफ है। उनको जेल में डालने से इनका मन नहीं भरा है। अब उस व्यक्ति को सताने के लिए एक महाठग की शिकायत पर सीबीआई जांच का आदेश दे दिया।

‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने कहा कि सबको पता है कि दिल्ली के अंदर पुलिस, लॉ एंड ऑर्डर और जमीन केजरीवाल सरकार के अधीन नहीं हैं। यह व्यवस्थाएं केंद्र सरकार के अंतर्गत आती हैं। केंद्र सरकार ने हमेशा इन तीनों मामलों पर दिल्लीवासियों को सिर्फ धोखा दिया है। जेल में प्रशासन के लिए एक मैन्युल बनाया गया है। इसमें साफतौर पर लिखा है कि “गवर्नमेंट मींस द लेफ्टिनेंट गवर्नर रिफ्रेड इन आर्टिकल 239 एए ऑफ़ द कॉन्स्टिट्यूशन ऑफ़ इंडिया”। तो इस दिल्ली जेल मैनुअल में सरकार का मतलब एलजी हैं। ऐसे में एलजी को बताना पड़ेगा कि किस 10 करोड़ के प्रोटेक्शन मनी की बात सुकेश चंद्रशेखर कर रहा है। क्योंकि दिल्ली की कानून व्यवस्था केंद्र सरकार के पास है।

उन्होंने कहा कि यह जग जाहिर है कि केवल एक मात्रा भाजपा ही चोर, मवालियों, भ्रष्टाचारियों और डकैतों को संरक्षण देती है। बड़े से बड़ा अपराध करने के बाद बीजेपी के पास चले जाओ और वॉशिंग मशीन से धूल कर साफ हो जाओ। अब पूरा देश जान गया है कि बीजेपी ने देश के अंदर किस तरह का मॉडल बनाया है। अरविंद केजरीवाल का यह खौफ और डर भाजपा के दिलो-दिमाग में होना चाहिए। यह देखकर अच्छा लगता है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2024 का लोकसभा चुनाव बहुत बुरी तरह से हार रही है। इसलिए एक महाठग का भी साथ लेने से कतरा नहीं रही है। देश के लोगों को यह देख कर आश्चर्य हो रहा होगा कि आखिर भाजपा को क्या गया है। भाजपा की यह स्थिति दर्शाती है कि उनकी हालत बहुत दयनीय है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *