- भाजपा के मेयर और सिविल लाइंस जोन के चेयरमैन मिलकर एमसीडी का सारा कूड़ा मजलिस पार्क में डलवा रहे हैं – अंकुश नारंग
भाजपा की चार इंजन सरकार दिल्ली में “सीएम कूड़ा योजना” के तहत बना रही, नया कूड़े का पहाड़ : अंकुश नारंग
- मेगा सफाई अभियान सिर्फ हवा-हवाई, भाजपा का दिल्ली को सुंदर शहर बनाने का दावा महज जुमला है- अंकुश नारंग
- नए कूड़े के पहाड़ को हटाने की मांग को लेकर सीएम, मेयर और कमिश्नर को चिट्ठी लिखूंगा और “आप” यह मुद्दा एमसीडी में भी उठाएगी – अंकुश नारंग
देश की राजधानी दिल्ली को खूबसूरत शहर बनाने का दम भरने वाली भाजपा की चार इंजन की सरकार ने दिल्लीवालों को एक नए कूड़े के पहाड़ की सौगात दे दी है। शनिवार को आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने सिविल लाइंस जोन के मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन के पास भाजपा की सरकार द्वारा बनाए जा रहे चौथे कूड़े के पहाड़ का दौरा कर वहां रह रहे लोगों को हो रही परेशानी का जायजा लिया। अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा दिल्लीवालों को तीन कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने के बजाय दिल्ली में चौथा कूड़े का पहाड़ बना रही है। यहां एमसीडी का सारा कूड़ा फेंका जा रहा है और ये सब कुछ भाजपा के मेयर राजा इकबाल सिंह और सिविल लाइंस जोन के चेयरमैन के कहने पर हो रहा है। कूड़े के पहाड़ से निकलने वाली बदबू से यहां रह रहे लोगों का जीना दुश्वार हो गया है।
अंकुश नारंग ने कहा कि यह मजलिस पार्क, जहांगीरपुरी का इलाका है। यहां मजलिस पार्क मेट्रो स्टेशन भी है। यह सिविल लाइंस जोन में आता है। मजलिस पार्क में चौथा कूड़े का पहाड़ बन चुका है। भाजपा तीन कूड़े के पहाड़ हटाने की बात करती थी, लेकिन अब चौथा पहाड़ खड़ा कर रही है। यहां कूड़ा, सिल्ट और मलबा यानी सीएनडी वेस्ट भी पड़ा है। एमसीडी सारा कूड़ा यहीं डाल रही है। अब एमसीडी का कूड़ा तीनों कूड़े के पहाड़ों पर नहीं जा रहा है बल्कि एक नया कूड़े का पहाड़ बनाया जा रहा है।
अंकुश नारंग ने कहा कि यह सिविल लाइंस जोन है और इस ज़ोन से मेयर राजा इकबाल सिंह जी निगम पार्षद हैं। और इस वार्ड के चेयरमैन गुलाब सिंह राठौर हैं, जो भाजपा के ही हैं। भाजपा का महापौर और चेयरमैन मिलकर मजलिस पार्क में नया कूड़े का पहाड़ बना रहे हैं। मैंने उनसे पूछा कि यह कूड़े का पहाड़ क्यों बन रहा है, तो उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की नई ‘सीएम कूड़ा योजना’ के तहत चौथा पहाड़ बनाया जा रहा है।
अंकुश नारंग ने कहा कि भाजपा मेगा सफाई अभियान की बात करती है, जो पूरी तरह हवा हवाई है। सीएम रेखा गुप्ता, मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और मेयर राजा इकबाल सिंह कूड़े के पहाड़ पर जाकर फोटो खिंचवाते हैं, लेकिन दूसरी तरफ मजलिस पार्क में नया कूड़ा पहाड़ बना रहे हैं। भाजपा को शर्म आनी चाहिए। मैं इस कूड़े के पहाड़ को हटाने के लिए मुख्यमंत्री, मंत्री, महापौर और कमिश्नर को चिट्ठी लिखूंगा और उनको बताऊंगा कि मैंने चौथे कूड़े के पहाड़ का दौरा किया है। मजलिस पार्क में एक महीने में आठ-नौ फुट ऊंचा कूड़ा जमा हो गया है। भाजपा दिल्ली को सुंदर शहर बनाने की बात करती थी, लेकिन क्या यही उनका सौंदर्यीकरण है? “आप” सदन में यह मुद्दा पुरजोर तरीके से उठाएगी।
अंकुश नारंग ने कहा कि बारिश के कारण वेक्टर जनित बीमारियां बढ़ेंगी। यहां मक्खियां और मच्छर हैं। बदबू और गंदगी से लोगों का निकलना मुश्किल है। भाजपा कूड़े का पहाड़ बनाकर अवैध कब्जा कर सकती है। यहां पार्क बनना था। “आप” की सरकार में अरविंद केजरीवाल ने इसे साफ करवाया था। अब एक महीने से कूड़ा जमा हो रहा है। यह पार्क आदर्श नगर, बुराड़ी और बादली विधानसभाओं के बीच है। तीनों इलाकों के लोग यहां आ सकते थे।
अंकुश नारंग ने कहा कि यह जगह आउटर रिंग रोड और मेट्रो स्टेशन के पास है। कहीं भाजपा इसे म्यूजियम बताकर टिकट लगाने की योजना तो नहीं बना रही? कहेंगे कि ‘सीएम कूड़ा योजना’ के तहत हेरिटेज बना दिया। यह कूड़ा मेट्रो से दिखेगा। भाजपा का यही सुंदर दिल्ली का सपना है। इस दौरान पार्षद अजीत सिंह यादव, जोगिंदर, पप्पू, टिम्सी शर्मा और अजय शर्मा समेत आम आदमी पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे।
अंकुश नारंग ने कूड़ा डालते डीजेबी की गाड़ी पकड़ी
अंकुश नारंग जब “आप” नेताओं के साथ मजलिस पार्क में बनाए जा रहे चौथे कूड़े के पहाड़ को देखने पहुंचे तो उसी दौरान वहां दिल्ली जल बोर्ड की एक गाड़ी भी कूड़ा डालने पहुंची। गाड़ी में सिल्ट और कचरा भरा हुआ था। उन्होंने गाड़ी चालक से जानकारी ली तो पता चला कि डीजेबी की गाड़ियां अक्सर यहीं पर कूड़ा डालने आती हैं।