गुर्जर समाज के जागरूक लोगों द्वारा ब्रिटिश शासन के दौरान संवाद स्थापित करने हेतु अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का गठन किया गया था। 118 वर्षों में महासभा ने समाज के सम्मानित महानुभावों के सहयोग से सामाजिक उत्थान के लिए अनेक सराहनीय प्रयास किए हैं।
वर्तमान में महासभा के 10वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हरीश चंद्र भाटी समाज में संगठनात्मक चेतना विकसित करते हुए पांच प्रमुख बिंदुओं पर कार्य कर रहे हैं। इनमें शैक्षिक उन्नति एवं युवाओं को रोजगार से जोड़ना, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता हेतु प्रशिक्षण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राजनीतिक भागीदारी की सम्मानजनक चेतना विकसित करना शामिल है।
इन्हीं उद्देश्यों को लेकर बुधवार को कंस्टीट्यूशन क्लब, नई दिल्ली में नव निर्वाचित राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष सुंदर चौधरी के नेतृत्व में युवा जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हरीश चंद्र भाटी, संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह व डॉ. जिले राम की गरिमामयी उपस्तिथि रही । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अलका गुर्जर, राष्ट्रीय मंत्री एवं सह प्रभारी, दिल्ली (भाजपा) उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में गुर्जर महासभा के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि यह हमारी मातृ संस्था है और हमें संगठित होकर इसके नेतृत्व में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा, सत्ता और रोजगार के क्षेत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभानी चाहिए, जिससे समाज निरंतर प्रगति कर सके। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष सुंदर चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों का समाज द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हरीश चंद्र भाटी ने संगठन को गति प्रदान करते हुए लगभग 10 उपाध्यक्ष एवं 10 सचिव नियुक्त कर युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया है। महासभा में महासचिव राजपाल सिंह कसाना, रामकेश छापराना एवं एडवोकेट राम सराना नागर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आइए देखते हैं टोटल ख़बरें के विशेष संवाददाता राजेश खन्ना की रिपोर्ट में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा राष्ट्रीय अध्यक्ष, संरक्षक और नवनियुक्त युवा अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते क्या कहा।
2026-04-22



