गुर्जर समाज के जागरूक लोगों द्वारा ब्रिटिश शासन के दौरान संवाद स्थापित करने हेतु अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का गठन किया गया था। पिछले 118 वर्षों में महासभा ने समाज के सम्मानित महानुभावों के सहयोग से सामाजिक उत्थान के लिए अनेक सराहनीय प्रयास किए हैं।
वर्तमान में महासभा के 10वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में श्री हरीश चंद्र भाटी जी समाज में संगठनात्मक चेतना विकसित करते हुए पांच प्रमुख बिंदुओं पर कार्य कर रहे हैं। इनमें शैक्षिक उन्नति एवं युवाओं को रोजगार से जोड़ना, सामाजिक कुरीतियों के प्रति जनजागरण, आर्थिक आत्मनिर्भरता हेतु प्रशिक्षण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा राजनीतिक भागीदारी की सम्मानजनक चेतना विकसित करना शामिल है।
इन्हीं उद्देश्यों को लेकर आज Constitution Club, नई दिल्ली में नव निर्वाचित राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष श्री सुंदर चौधरी जी के नेतृत्व में युवा जागरूकता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय श्री हरीश चंद्र भाटी जी संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह व डॉ. जिले राम जी की गरिमामयी उपस्तिथि रही । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. अलका गुर्जर, राष्ट्रीय मंत्री एवं सह प्रभारी, दिल्ली (भाजपा) उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में गुर्जर महासभा के कार्यों की सराहना करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि यह हमारी मातृ संस्था है और हमें संगठित होकर इसके नेतृत्व में अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज को शिक्षा, सत्ता और रोजगार के क्षेत्र में अपनी सशक्त भूमिका निभानी चाहिए, जिससे समाज निरंतर प्रगति कर सके। कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष श्री सुंदर चौधरी सहित सभी पदाधिकारियों का समाज द्वारा स्वागत एवं अभिनंदन किया गया तथा पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का समापन करते हुए संरक्षक डॉ. यशवीर सिंह एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरीश चंद्र भाटी जी ने युवाओं में राष्ट्र एवं समाज की प्रगति की अपार संभावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन सदैव युवाओं के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि महासभा संगठित होकर कार्य करती है, तो समाज एवं राष्ट्र के उत्थान का सपना अवश्य साकार होगा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरीश चंद्र भाटी जी ने संगठन को गति प्रदान करते हुए लगभग 10 उपाध्यक्ष एवं 10 सचिव नियुक्त कर युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा दिया है। महासभा में महासचिव श्री राजपाल सिंह कसाना, श्री रामकेश छापराना एवं एडवोकेट राम सराना नागर भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महासभा गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास के लेखन, प्रकाशन एवं वितरण के कार्य को भी प्राथमिकता दे रही है। साथ ही, सर्व समाज के मेधावी छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था को जमीनी स्तर पर लागू करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस दिशा में श्री केपीएस कसाना, श्री सोविंदर भाटी, श्री जयप्रकाश विकल, श्री बाबू सिंह आर्य एवं श्री इंद्रराज सिंह विधूड़ी निरंतर प्रयासरत हैं।
महासभा को पूर्ण विश्वास है कि नव निर्वाचित राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष श्री सुंदर चौधरी के नेतृत्व में संगठन के कार्यों को जिला, ब्लॉक एवं गांव स्तर तक प्रभावी रूप से विस्तारित किया जाएगा। वर्तमान समय के “एक बूथ, दस यूथ” जैसे सफल नारों के माध्यम से युवा शक्ति को संगठित कर उसे सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ते हुए आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जाएगा तथा उसकी भूमिका को समाज एवं राष्ट्रहित में सकारात्मक रूप से उपयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में भारी संख्या में उपस्थित जनसमूह की भागीदारी उत्साहवर्धक रही। सभी व्यवस्थाएं सुचारु, सुंदर एवं उद्देश्य के अनुरूप रहीं।
2026-04-23



