Listen to this article

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ‘ऑपरेशन गैंग बस्ट 2.0’ के तहत संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुख्यात राशिद केबल वाला एवं हाशिम बाबा गैंग के 6 सक्रिय शूटरों एवं गुर्गों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैज कुरैशी, माज, नवाजिश, अफाक, इमरान उर्फ टेली तथा अरशद उर्फ छोटा के रूप में हुई है। सभी आरोपी ट्रांस यमुना क्षेत्र में सक्रिय थे और हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी व आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में पूर्व से संलिप्त पाए गए हैं।
क्राइम ब्रांच की टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर प्रकाश चंद ने किया, जबकि पूरी कार्रवाई एसीपी राज कुमार एवं डीसीपी क्राइम ब्रांच के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राशिद केबल वाला और हाशिम बाबा गैंग से जुड़े कई अपराधी करोल बाग स्थित एफ बार एंड लाउंज में एकत्र हुए हैं। सूचना के आधार पर टीम ने निगरानी शुरू की और तड़के करीब 4:05 बजे क्लब से बाहर निकलते ही चार आरोपियों को दबोच लिया।
आरोपियों की मारुति बलेनो कार से 4 अत्याधुनिक पिस्टल, जिनमें 2 इटली निर्मित बेरेटा पिस्टल शामिल हैं, तथा भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। आगे की पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के बाद दो अन्य सक्रिय गैंग सदस्यों को भी गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि पूरे अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 10 अवैध हथियार और 81 जिंदा कारतूस बरामद किए, जिनमें 09 पिस्टल एवं एक .312 बोर राइफल/डोगा शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों की हत्या की साजिश रच रहे थे। समय रहते कार्रवाई कर संभावित बड़ी वारदात को टाल दिया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी फरार गैंगस्टर राशिद केबल वाला के सीधे संपर्क में थे और “सिग्नल ऐप” के माध्यम से निर्देश प्राप्त करते थे। राशिद केबल वाला फिलहाल दुबई से गैंग संचालित कर रहा है, जबकि उसका करीबी सहयोगी हाशिम बाबा तिहाड़ जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार आरोपी स्थानीय क्लबों और व्यापारियों से रंगदारी वसूली, सट्टेबाजी तथा अवैध हथियारों की सप्लाई जैसे अपराधों में शामिल थे। कुछ आरोपी पूर्व में दिल्ली के चर्चित हत्या और फायरिंग मामलों में भी गिरफ्तार हो चुके हैं।
क्राइम ब्रांच अब इस गैंग के व्यापक नेटवर्क, अन्य सहयोगियों तथा हथियार सप्लाई चेन की जांच कर रही है। पुलिस अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले स्रोतों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि यह कार्रवाई राजधानी में संगठित अपराध पर बड़ा प्रहार है और भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आइए देखते हैं टोटल खबरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की यह रिपोर्ट में

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *