नई दिल्ली, 18 मई 2026: माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और ग्रीन मोबिलिटी को लेकर की गई अपील के अनुरूप तथा माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में, दिल्ली सरकार ने ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान के तहत एक अनूठी शुरुआत की है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत ‘मेट्रो मंडे’ पहल के माध्यम से दिल्ली में पर्यावरण-अनुकूल यातायात व्यवस्था और ऊर्जा खपत के सुनियोजित इस्तेमाल को बढ़ावा देने के प्रयासों को तेज कर दिया गया है।
इस महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी पहल को आगे बढ़ाते हुए माननीय कैबिनेट मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र राजौरी गार्डन से इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन तक दिल्ली मेट्रो के जरिए यात्रा की और इसके बाद दिल्ली सचिवालय पहुँचने के लिए विशेष ई-बस सेवा (ईवी देवी बस) का उपयोग किया। ‘मेट्रो मंडे’ पहल के तहत अब दिल्ली सरकार के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी प्रत्येक सोमवार को आधिकारिक वाहनों को छोड़कर दिल्ली मेट्रो और सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों का उपयोग करके अपने कार्यालयों तक पहुँच रहे हैं। सचिवालय आने-जाने वाले अधिकारियों और मंत्रियों के सुगम आवागमन के लिए दिल्ली परिवहन निगम (DTC) द्वारा विशेष ‘ईवी देवी बसें’ चलाई जा रही हैं, जो मेट्रो स्टेशनों से सीधे दिल्ली सचिवालय तक कनेक्टिविटी प्रदान करती हैं। इन दूरदर्शी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य ईंधन की बचत करना, कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों के कारण देश पर होने वाले आर्थिक बोझ को कम करना और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के दृष्टिकोण को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करना है।
इस सराहनीय पहल पर अपने विचार साझा करते हुए माननीय मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “जब भारत भी विभिन्न वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहा हो, तो यह बेहद ज़रूरी है कि हम सब मिलकर देश के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी निभाएँ। माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा राष्ट्रहित में की गई अपील का समर्थन करना हम सभी का परम कर्तव्य है। यह केवल एक दिन की पहल नहीं है, बल्कि हमने अब अपने आधिकारिक व सरकारी वाहनों का उपयोग भी काफी कम कर दिया है।”
माननीय मंत्री ने प्रशासनिक सुधारों की चर्चा करते हुए आगे कहा, “ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार अब ज़्यादा से ज़्यादा ऑनलाइन माध्यमों से काम करने की कोशिश कर रही है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि सरकार और प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे इन छोटे-छोटे उपायों का धरातल पर काफ़ी सकारात्मक और बड़ा असर पड़ रहा है।” उन्होंने आगे कहा कि यह पूरी पहल देश के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी को परिलक्षित करती है और ऊर्जा बचत के साथ-साथ गुड गॉवर्नेंस (सुशासन) के प्रति दिल्ली सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सरकार सार्वजनिक परिवहन साधनों को बढ़ावा देकर और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के उपयोग को बढ़ाकर ईंधन की खपत कम करने के लिए लगातार काम कर रही है, जिसके आने वाले समय में बेहद व्यापक और दूरगामी प्रभाव होंगे।
अभियान की सफलता को लेकर दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने भी दिल्ली के आम नागरिकों से ‘मेट्रो मंडे’ पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की भावुक अपील की है। मुख्यमंत्री ने सभी से दिल्ली को एक स्वच्छ, प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा प्रदेश बनाने में मदद के लिए व्यक्तिगत वाहनों के स्थान पर सार्वजनिक परिवहन को अपनाने का आग्रह किया है। वहीं, माननीय पर्यावरण मंत्री श्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली के समस्त निवासियों से आह्वान किया कि वे गर्व के साथ दिल्ली की विश्व-स्तरीय मेट्रो सेवा और पर्यावरण-अनुकूल डीटीसी इलेक्ट्रिक बसों का अधिकतम उपयोग करें। उन्होंने लोगों से राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखने और मेट्रो, डीटीसी बस या कारपूलिंग का विकल्प चुनकर ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ अभियान का हिस्सा बनने का विशेष आग्रह किया है।












