परमजीत सिंह पम्मा के संघर्षों और सामाजिक कार्यों पर दसवां गाना “पम्मा बिना धरना सफल नहीं” जल्द होगा रिलीज
नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा के सामाजिक संघर्षों और जनहित के कार्यों पर आधारित दसवां गाना “पम्मा बिना धरना सफल नहीं” जल्द रिलीज होने जा रहा है। इस गाने के बोल प्रसिद्ध लेखक बलविंदर सिंह सोढ़ी ने लिखे हैं, जबकि इसे अपनी आवाज दी है चर्चित गायिका रश कौर ने। इस गाने का पोस्टर भी रिलीज कर दिया गया है, जिसे समर्थकों और सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है।
परमजीत सिंह पम्मा पिछले लगभग 32 वर्षों से लगातार समाज और जनता के हितों के लिए संघर्ष करते आ रहे हैं। उनके कार्यों और संघर्षों को लेकर समय-समय पर कई प्रसिद्ध गायकों और लेखकों द्वारा गाने बनाए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, उनके जीवन और सामाजिक आंदोलनों पर कई डॉक्यूमेंट्री भी बन चुकी हैं, जिन्हें लोगों द्वारा काफी सराहा गया है।
पम्मा हमेशा आम जनता की आवाज बनकर सामने आए हैं। चाहे बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज उठानी हो, बच्चों की स्कूल फीस और कॉलेज दाखिलों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करना हो, ऑनलाइन गेम्स से युवाओं और बच्चों के बिगड़ते भविष्य को लेकर सरकार को चेतावनी देनी हो या फिर महिलाओं और व्यापारियों के हितों की बात सरकार तक पहुंचानी हो — परमजीत सिंह पम्मा हर मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
सामाजिक कार्यों के दौरान उन्हें कई बार कठिन परिस्थितियों का सामना भी करना पड़ा। बताया जाता है कि लगातार संघर्षों और जन आंदोलनों के बीच उनके हार्ट में चार स्टंट तक पड़ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने समाज सेवा और जनहित की आवाज उठाना कभी बंद नहीं किया।
आने वाला यह नया गाना “पम्मा बिना धरना सफल नहीं” उनके संघर्ष, जज्बे और समाज के प्रति समर्पण को दर्शाएगा। नेशनल अकाली दल के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इस गाने को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।


