दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी: हिमांशु भाऊ गैंग के 3 शार्पशूटर गिरफ्तार, मर्डर की बड़ी साजिश नाकाम

Listen to this article

नई दिल्ली: बाहरी-उत्तरी जिला (OND) की दिल्ली पुलिस ने एक बड़ी मुस्तैदी दिखाते हुए कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शार्पशूटर्स को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों में दो युवक और एक नाबालिग (CCL) शामिल है। पुलिस ने इनके पास से दो अत्याधुनिक अवैध पिस्तौल और 27 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से राजधानी में एक सनसनीखेज वारदात होने से बाल-बाल बच गई।

यह पूरी कामयाबी लॉ एंड ऑर्डर ज़ोन-1 के स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव और ज्वाइंट सीपी (उत्तरी रेंज) विजय सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत मिली। बाहरी-उत्तरी जिले के डीसीपी हरेश्वर स्वामी और एडिशनल डीसीपी-I अमित कौशिक की करीबी निगरानी में अपराध नियंत्रण के लिए गठित एक विशेष ऑपरेशनल टीम ने इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

संदिग्ध हालत में बाइक पर घूम रहे थे बदमाश

यह घटना 5 जून 2026 की शाम की है। पूठ खुर्द में बंगाली मार्केट के मेन रोड पर गश्त कर रही पुलिस टीम (हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल अमित-148 और कांस्टेबल निक्की) ने एक काली मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध युवकों को देखा। पुलिस को देखते ही बाइक सवार ने यू-टर्न लेकर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और पीछा करके तीनों को दबोच लिया।

अत्याधुनिक हथियार और भारी मात्रा में कारतूस बरामद

जब पुलिस ने तीनों की तलाशी ली, तो उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए। बाइक चला रहे अजय (उम्र 22 वर्ष, निवासी झज्जर, हरियाणा) के पास से एक “OREETA” ब्रांड की पिस्तौल और 18 कारतूस मिले। बीच में बैठे कन्हैया कुमार (उम्र 22 वर्ष, निवासी पूठ खुर्द) से एक “P. BRATTA” पिस्तौल और 3 कारतूस बरामद हुए। वहीं पीछे बैठे नाबालिग के पास से भी 6 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने इस मामले में थाना बवाना में आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पूठ खुर्द के एक शख्स की हत्या की थी प्लानिंग

गहन पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पकड़े गए आरोपी हिमांशु भाऊ गैंग के करीबी गुर्गे नितिन उर्फ विक्की उर्फ हड्डल के संपर्क में थे। विक्की सोशल मीडिया ऐप के जरिए कन्हैया और नाबालिग से जुड़ा हुआ था। उसने हरियाणा के शार्पशूटर अजय को दिल्ली भेजा और तीनों को मिलाकर एक टीम बनाई। ये तीनों बवाना इलाके में एक कमरा किराए पर लेकर रह रहे थे और विक्की के इशारे पर पूठ खुर्द गांव के एक व्यक्ति की हत्या करने के लिए उसकी रेकी कर रहे थे।

समय रहते टली बड़ी गैंगवार

जांच में सामने आया है कि आरोपी वारदात को अंजाम देने के लिए ही अत्याधुनिक हथियार खरीदकर निकले थे, लेकिन इससे पहले कि वे टारगेट को हिट करते, पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस की इस तत्परता ने दिल्ली की सड़कों पर एक बड़े गैंगवार और खून-खराबे को टाल दिया। फिलहाल पुलिस हथियारों के स्रोत का पता लगाने और इस गिरोह के अन्य नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *