Listen to this article

भव्य और रंगारंग कार्यक्रमों, मस्ती और उत्साह के बीच दिल्ली के द्वारका स्थित वेलकम होटल बाय आईटीसी में आयोजित लायंस क्लब दिल्ली वेज की चार्टर नाईट में क्लब के सदस्यों और उनके परिजनों का उत्साह देखते ही बनता था । आयोजन इसलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि क्लब ने इसी दिन अपने तेरह वर्ष पूरे किए और चौदहवें बर्ष में प्रवेश किया और साथ ही अपने वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा भी की । उल्लेखनीय बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा नृत्य और गायन की विशेष प्रस्तुतियाँ दी गईं जो दर्शकों द्वारा खूब सराही गईं ।विविध रंगों और आयामों से भरपूर इस समारोह के बारे में जानकारी देते हुए क्लब के चार्टर प्रेसिडेंट गौरव गुप्ता ने बताया कि पिछले एक वर्ष में क्लब की सदस्यता में काफ़ी बढ़ोतरी हो गई है और क्लब की बढ़ती लोकप्रियता के कारण लगातार नए सदस्य बनने के लिए प्रतिष्ठित लोगों के आग्रह आ रहे हैं । हमारा क्लब पूर्णत शाकाहारी है और दिल्ली ही नहीं देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है । क्लब के पूरे वर्ष के कार्यों का लेखाजोखा एक पुस्तक के माध्यम से जारी किया गया जिसे संपादक और क्लब के वर्तमान अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि सदस्यता वृद्धि के साथ ही क्लब अपने सेवा कार्यों में लगातार विस्तार कर रहा है और अब क्लब शिक्षा, पर्यावरण, गौ सेवा, खाध सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता, स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य आदि अनेकों क्षेत्रों में प्रभावी कार्य कर रहा है जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव आ रहे हैं । इस अवसर पर यूएसए, चेक रिपब्लिक और जांबिया सहित अनेक देशों के राजनयिक और गणमान्य लोग भी आमंत्रित किए गए थे । क्लब के सभी पूर्व अध्यक्षों विनोद कुमार वर्मा,नवरत्न अग्रवाल, पवन कंसल, कपिल खंडेलवाल ने भी सदस्यों को संबोधित किया और क्लब के निरंतर विकास में सहयोग देने की अपील की । क्लब के वर्तमान महासचिव मुकेश पांडे ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने पिछले एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों, अनुभवों, उपलब्धियों और एक बड़े परिवार के रूप में उभरते क्लब के स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए अनेक भावुक क्षणों का उल्लेख भी किया । इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ अधिकारी पूर्व गवर्नर वीएस कुकरेजा जी एवं जिला कैबिनेट सेक्रेटरी शेलेंद्र सिंघल जी ने भी सभी सदस्यों का उत्साह वर्धन करते हुए क्लब के विकास कार्यों को और बढ़ाने एवं क्लब को अधिकतम सहयोग देने का आश्वासन दिया । कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मेट्रिक्स सोसाइटी के अध्यक्ष राजेश कुमार सिंह का भी विशेष उदबोधन हुआ जिसमें उन्होंने क्लब के साथ मिलकर स्किल डेवलपमेंट और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में काम करने का प्रस्ताव दिया । क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुज अग्रवाल ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हम सब इस क्लब को सामूहिक नेतृत्व के रूप में चलायेंगे और प्रत्येक सदस्य सेवा का एक प्रोजेक्ट चलाएगा ऐसी अपेक्षा है । साथ उन्होंने सदस्य संख्या और अधिक बढ़ाने एवं अधिक से अधिक सेवा कार्यों को करने एवं क्लब की गतिविधियां बढ़ाने की दिशा में काम करने का वादा किया । क्लब की नवनिर्वाचित सचिव रश्मि आहूजा ने सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का संचालन किया जिसमें क्लब के सभी सदस्यों और बाहर से आए कलाकारों ने अपनी अपनी प्रभावी प्रस्तुतियाँ दीं जिसका सभी ने देर रात तक भरपूर आनंद लिया । अनेक सदस्यों को अलग अलग उपलब्धियों पर विशिष्ट टाइटल्स से भी नवाज़ा गया । प्रातःकाल योग एवं ध्यान का विशेष सत्र आयोजित किया गया जिसका संचालन नवरत्न अग्रवाल जी द्वारा किया गया । अंत में अनेक सुंदर यादें लेकर सभी सदस्य और उनके परिवार फिर जल्द मिलने के वादे के साथ विदा हो गए ।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *