महिला डीपीएल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हराया

Listen to this article

नई दिल्ली, 24 अगस्त, 2026 : दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के महिला वर्ग में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल दिल्ली क्वींस को 11 रन से हरा दिया। यह मुकाबला सोमवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया। बारिश के कारण मैच 8-8 ओवर का कर दिया गया था।

पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज ने 8 ओवर में 6 विकेट पर 68 रन बनाए। कप्तान श्वेता सेहरावत ने 21 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 26 रन की संयमित पारी खेली और मध्यक्रम में पारी को संभाले रखा। प्रिया पूनिया ने 4 गेंदों में 2 चौकों के साथ 9 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, हालांकि उन्हें सुमिति सोनी ने आउट किया। तनिषा सिंह ने 13 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 19 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया, उन्हें मेधावी बिधूड़ी ने आउट किया। अंत में अनन्या पाहुजा 5 रन पर नाबाद रहीं और दिशा नागर ने 3 गेंदों में 4 रन बनाए। सेंट्रल दिल्ली क्वींस की ओर से सुमिति सोनी और मेधावी बिधूड़ी ने 2-2 विकेट लिए।

69 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली क्वींस की शुरुआत बेहद खराब रही और साची पहली ही गेंद पर स्टंप आउट होकर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दीक्षा शर्मा ने 16 गेंदों में 4 चौकों के साथ 22 रन की तेज पारी खेलकर पारी को संभाला, लेकिन छठे ओवर में 41 के स्कोर पर रन आउट हो गईं। आरुषी गोयल ने 12 गेंदों में 14 रन और मोनिका ने 6 गेंदों में 9 रन बनाए, लेकिन चेज के दौरान टीम लय खो बैठी। अंत में रिया कोंडल 1 रन और कप्तान सोनी यादव 2 रन पर नाबाद रहीं और टीम 8 ओवर में 5 विकेट पर 57 रन ही बना सकी।

साउथ दिल्ली की ओर से रूपाली विश्व मोहन, दिशा नागर और एकता भड़ाना ने 1-1 विकेट लिया। अनुशासित गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग के दम पर साउथ दिल्ली ने सेंट्रल दिल्ली को कभी भी लक्ष्य के करीब नहीं आने दिया और 11 रन से जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *