मध्य जिला, दिल्ली पुलिस ने थाना प्रसाद नगर इलाके में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर की गई सनसनीखेज हत्या के मामले को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम कुणाल उर्फ मुकरी उम्र 28 वर्ष और दूसरा आरोपी पीयूष उर्फ मेंटल उम्र 22 वर्ष है। इस कार्रवाई से न सिर्फ हत्या का खुलासा हुआ, बल्कि आरोपी की पत्नी की हत्या की साजिश को भी समय रहते नाकाम कर किया गया है।
जानकारी के अनुसार 4 नवंबर को थाना प्रसाद नगर में सूचना मिली कि करोल बाग निवासी 19 वर्षीय युवक की चाकू मार कर हत्या कर दी थी। युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिसने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बताया जाता हैं कि जांच की शुरुआत में पुलिस के पास कोई चश्मदीद गवाह नहीं था। इसके बाद टीम ने घटनास्थल के आसपास के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक स्कूटर पर आते जाते दिखे, जिनकी पहचान कुणाल उर्फ मुकरी और पीयूष उर्फ मेंटल के रूप में हुई। जांच में जो कहानी सामने आई, वह व्यक्तिगत रिश्तों की उलझन से जुड़ी है।
आरोपी कुणाल की पत्नी पिछले लगभग 3 महीनों से मृतक युवक के साथ एक साथ रह रही थी। कुणाल को जब इस बात का पता चला, तो उसे गहरा आघात और अपमान महसूस हुआ। वह लगातार बदले की आग में जल रहा था। पुलिस के अनुसार, कुणाल ने अपने दोस्त पीयूष के साथ मिलकर मृतक को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 4 नवंबर को दोनों ने मौका देखकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए।
जांच के दौरान पुलिस को सबसे चौंकाने वाली जानकारी यह मिली कि कुणाल का गुस्सा सिर्फ मृतक तक सीमित नहीं था। वह अपनी पत्नी की भी हत्या करने की योजना बना रहा था।
इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तिलक विहार, तिलक नगर में उसकी पत्नी के घर के आसपास सादे कपड़ों में 24 घंटे गुप्त निगरानी रखी। एक तरफ पत्नी की सुरक्षा सुनिश्चित की गई, दूसरी तरफ आरोपियों पर नजर रखी गई। यही निगरानी आखिरकार गिरफ्तारी में काम आई।
पुलिस ने कुणाल की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू (वारदात का हथियार) बरामद कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटर भी बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। टोटल खबरे दिल्ली से राजेश खन्ना की रिपोर्ट ।




