केजरीवाल सरकार ने आज कोविड महामारी में जान गंवाने वाले तीन कोरोना योद्धा के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि दी

Listen to this article

*पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने परिवारों से मुलाकात कर उन्हें एक-एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा

*कोरोना वॉरियर संदीप कुमार शर्मा कैट्स में , कृष्ण पाल गुरुनानक आई सेंटर में और पूनम नागर जी टी बी हॉस्पिटल में कार्यरत थे

*कोरोना वॉरियर अपनी ड्यूटी निभाते हुए कोरोना की चपेट में आ गए और उनका निधन हो गया

*केजरीवाल सरकार की यह योजना कोरोना योद्धाओं के परिवार को आत्मविश्वास देती है कि हम हमेशा उनके साथ है – गोपाल राय

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज कोविड महामारी के समय लोगों की जान बचाते हुए कोरोना की चपेट में आकर जान गंवाने वाले तीन कोरोना योद्धा के परिवारों से मुलाकात की और उन्हें केजरीवाल सरकार की ओर से एक – एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा। इस दौरान गोपाल राय ने बताया कि कोरोना वॉरियर श्री संदीप कुमार शर्मा कैट्स में , कृष्ण पाल गुरुनानक आई सेंटर में और पूनम नागर जी टी बी हॉस्पिटल में कार्यरत थे। अपनी ड्यूटी निभाते हुए ये लोग कोरोना की चपेट में आ गए और उनका निधन हो गया। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के समय दूसरों की सेवा करते हुए कोविड की चपेट में आकर जान गंवाने वाले दिल्ली के कई कोरोना योद्धाओं के परिजनों को केजरीवाल सरकार एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दे चुकी है।

पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने आज तीनो कोरोना योद्धा, स्वर्गीय संदीप कुमार शर्मा के परिवारजनों से मिलने नवीन शाहदरा ,स्वर्गीय कृष्ण पाल के परिवारजनों से मिलने ताहिरपुर और स्वर्गीय पूनम नागर के परिवारजनों से मिलने जी टी बी एन्क्लेव पहुंचे। इस दौरान गोपाल राय ने उन्हें एक एक करोड़ रुपए की सम्मान राशि का चेक सौंपा। पर्यावरण मंत्री ने पीड़ित परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी और भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भले ही अनुग्रह राशि परिवारों को हुए नुकसान की भरपाई नहीं कर पाए, लेकिन मुझे उम्मीद है कि परिजनों को इस आर्थिक मदद से अपना भविष्य संवारने एवं जीवन यापन में थोड़ी सहायता मिलेगी।

गोपाल राय ने कहा कि कोरोना महामारी के बीच जनता की सेवा के लिए डॉक्टरों, नर्सों, और कर्मचारियों ने परिजनों से दूर रहकर मरीजों के इलाज के लिए 24 घंटे सेवाएं दी। इस बीच कई कोरोना योद्धा खुद कोरोना संक्रमित हुए और अपनी जान तक गवां दी। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। उनकी मदद के लिए दिल्ली सरकार हमेशा उनके साथ है। हम अपने सभी कोरोना योद्धाओं का आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बगैर लोगों की सेवा की है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *