वेस्टर्न वोकल सोलो में डीयू ने पाया पहला स्थान

Listen to this article

*रोहतक में आयोजित 37वें अंतर-विश्वविद्यालय उत्तर पश्चिम क्षेत्र युवा महोत्सव में डीयू ने जीते 6 पुरस्कार

रोहतक में आयोजित 37वें अंतर-विश्वविद्यालय उत्तर पश्चिम क्षेत्र युवा महोत्सव 2024 में दिल्ली विश्वविद्यालय ने वेस्टर्न वोकल सोलो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की टीमों ने कुल 6 श्रेणियों में अलग-अलग पुरस्कार प्राप्त किए। अब डीयू मार्च-अप्रैल 2024 में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेगा। दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश सिंह ने इन उपलब्धियों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय के सभी प्रतिभागियों और कल्चर काउंसिल को बधाई दी।

दिल्ली विश्वविद्यालय संस्कृति परिषद की संचालन समिति के अध्यक्ष अनूप लाठर ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के तत्वावधान में 37वें अंतर-विश्वविद्यालय उत्तर पश्चिम क्षेत्र युवा महोत्सव 2024 का आयोजन इस बार हरियाणा के रोहतक स्थित महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में किया गया था। इस में दिल्ली विश्वविद्यालय ने 17 श्रेणियों में भाग लिया था। उन्होंने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में से 6 श्रेणियों के तहत डीयू के विद्यार्थियों ने पुरस्कार जीते हैं।

संस्कृति परिषद के डीन प्रो. रविंदर कुमार ने बताया कि वेस्टर्न वोकल सोलो की श्रेणी में दिल्ली विश्वविद्यालय के रोशेल जॉन ने पहला स्थान हासिल किया। इसके साथ ही क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल सोलो (Percussion) में जरघम अकरम खान ने दूसरा स्थान हासिल किया। वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल सोलो वर्ग में जैदित्य झा ने तीसरा स्थान हासिल किया। शास्त्रीय नृत्य वर्ग में डीयू के आदित्य आर ने भी तीसरा स्थान हासिल किया। रंगोली में डीयू की खुशबू कुमारी सिंह ने चौथा स्थान हासिल किया और ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में पुष्पम कुमार ने 5वां स्थान हासिल किया।

प्रो. रविंदर कुमार ने बताया कि युवा महोत्सव का समापन मंगलवार को रोहतक में हुआ। इस अवसर पर हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद मोहन मुख्यातिथि थे और एमडीयू (रोहतक) के कुलपति प्रोफेसर राजबीर सिंह ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. रविंदर कुमार (डीन, संस्कृति परिषद), डॉ. हेमंत वर्मा (संयुक्त डीन, संस्कृति परिषद), डॉ. रिगजिन कांग और डॉ. सुकन्या टिकादार (टीम प्रभारी), डॉ. सुनील और डॉ. गुरजीत सिंह (सहायक स्टाफ) ) के रूप में उपस्थित रहे।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *