*स्टूडेंट्स वर्सेज प्लास्टिक टूल किट के तहत पंजीकरण करने की अंतिम तिथि 15 फरवरी, 2024 है
*दिल्ली नगर निगम सभी शैक्षणिक संस्थानों से अभियान में शामिल होने की अपील की
*स्टूडेंट्स वर्सेज प्लास्टिक टूल किट का उद्देश्य छात्रों और नागरिकों के बीच एकल उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
*100 डेज़ टू बीट प्लास्टिक अभियान 2.0 के अंतर्गत एमसीडी सिंगल यूज प्लास्टिक को खत्म करने की दिशा में ठोस प्रयास कर रही है
दिल्ली नगर निगम ने एकल-उपयोग प्लास्टिक को खत्म करने के लिए अपने 100 दिनों के प्लास्टिक अभियान का दूसरा संस्करण शुरू किया है। एमसीडी ने इस अभियान में छात्रों की अधिक भागीदारी के लिए स्टूडेंट्स वर्सेस प्लास्टिक टूल किट जारी की है। स्टूडेंट्स वर्सेस प्लास्टिक टूल किट का उद्देश्य छात्रों और नागरिकों के बीच एकल उपयोग प्लास्टिक के मुद्दे के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। दिल्ली भर के सभी शैक्षणिक संस्थानों से उनके छात्रों द्वारा उक्त टूल किट के इष्टतम उपयोग के लिए संपर्क किया जा रहा है। शैक्षणिक संस्थान के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 5 फरवरी 2024 को शुरू हुई थी और पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 फरवरी 2024 है। एमसीडी ने एकल उपयोग वाले प्लास्टिक को खत्म करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए शैक्षणिक संस्थानों से अंतिम तिथि तक छात्र बनाम प्लास्टिक टूल किट में खुद को पंजीकृत करने की अपील की है। एमसीडी को वर्तमान स्थिति में बदलाव लाने और एकल प्रयोग वाले प्लास्टिक को हतोत्साहित करने में बच्चों और युवाओं की अहम भूमिका पर बहुत भरोसा है। शैक्षणिक संस्थान https://bit.ly/SVP2024 लिंक का उपयोग करके या क्यूआर कोड स्कैन करके अपना पंजीकरण करा सकते हैं। गौरतलब है कि अब तक 1548 शिक्षण संस्थानों ने इस पहल के तहत अपना पंजीकरण कराया है।
स्टूडेंट्स वर्सेस प्लास्टिक टूल किट शिक्षण संस्थानों के लिए अपशिष्ट प्रबंधन और प्लास्टिक के उपयोग में कमी में सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए एक व्यापक मार्गदर्शिका है। इस टूल किट के माध्यम से प्रत्येक भाग लेने वाले छात्र को 5 घरों को गोद लेना होगा और एकल उपयोग प्लास्टिक के नुकसान और विकल्पों के बारे में जागरूकता बढ़ानी होगी। शैक्षणिक संस्थानों को अंतिम प्रस्तुतिकरण से पहले न्यूनतम 5 गतिविधियाँ आयोजित करनी होंगी। इसमें रील बनाना, बैग पेंटिंग, वाद-विवाद, प्रतियोगिताएं, रैलियां, नुक्कड़ नाटक आदि जैसी गतिविधियां शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा प्रक्रिया का आकलन करने के लिए एक निरीक्षण दल किसी भी दिन संस्थान का दौरा कर सकता है। भाग लेने वाले शैक्षणिक संस्थानों को मूल्यांकन के लिए 15 मई 2024 तक अंतिम रिपोर्ट studentvsplatics@gmail.com पर जमा करनी होगी। सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले शैक्षणिक संस्थानों को चार श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा: प्राथमिक, माध्यमिक, वरिष्ठ माध्यमिक और वोकेशनल + अन्य सभी कॉलेज स्तर। यह छात्रों की भागीदारी की संख्या, सकल प्लास्टिक संग्रह, प्रति बच्चा प्लास्टिक संग्रह और नवीन विचारों पर आधारित होगा।



