कांग्रेस सोशल मीडिया टीम से जुड़े प्रोफेशनल्स को गिरफ्तार कर उनके डिवाइस जब्त किए जा रहे- कांग्रेस

Listen to this article

*भाजपा की हार सामने देखकर मोदी और शाह के इशारे पर हो रही कार्रवाई

कांग्रेस ने सोमवार को खुलासा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार से घबराकर कांग्रेस सोशल मीडिया टीम से जुड़े प्रोफेशनल्स को गिरफ्तार कर उनके डिवाइस जब्त किए जा रहे हैं। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के इशारे पर हो रहा है।

नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि देश में दो चरणों के चुनाव खत्म हो चुके हैं और मंगलवार को तीसरे चरण का चुनाव है। नरेंद्र मोदी और भाजपा बुरी तरह से चुनाव हारने जा रहे हैं। क्योंकि जनता भाजपा की साजिश समझ चुकी है। लोग जान गए हैं कि भाजपा जीती तो आरक्षण और संविधान को खत्म कर देगी।  

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह को अपनी हार सामने नजर आ रही है। इसलिए उनके इशारों पर पिछले पांच दिनों से कांग्रेस सोशल और डिजिटल मीडिया टीम के साथ काम कर रहे प्रोफेशनल्स को गिरफ्तार कर उनके डिवाइस जब्त किए जा रहे हैं। ये नरेंद्र मोदी और अमित शाह की बौखलाहट दिखाता है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के इशारों पर प्रोफेशनल्स को डराया जा रहा है। इन प्रोफेशनल्स ने देश में गांधी, नेहरू, पटेल, बोस की विचारधारा को चुना और कांग्रेस के साथ आकर खड़े हुए। भाजपा उन प्रोफेशनल्स को डरा रही है, जिन्होंने सत्य और न्याय को चुना। अगर भाजपा में हिम्मत है तो राजनीतिक लड़ाई लड़े। आमने-सामने की लड़ाई छोड़कर सोशल मीडिया के युवा प्रोफेशनल्स को प्रताड़ित करना भाजपा की बौखलाहट और कायरता दर्शाता है।

श्रीनेत ने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी फेक न्यूज फैक्ट्री चलाने वाले प्रधानमंत्री और इस फेक न्यूज फैक्ट्री का दंभ भरने वाले गृह मंत्री डर गए हैं। वह ऐसा डर गए कि प्रोफेशनल युवाओं के पीछे पड़ गए हैं। उन्होंने कहा कि अमित शाह की दिल्ली पुलिस वैसे तो दौड़-दौड़ कर कार्रवाई करती है। लेकिन दिल्ली कांग्रेस ने 72 घंटे पहले एक शिकायत दी थी, उस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *