दिल्ली की सातों सीट जीतेगा गठबंधन – देवेंद्र यादव

Listen to this article

*हजारों कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय निवासियों के बीच इंडिया गठबंधन के उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार श्री कन्हैया कुमार ने नंद नगरी जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना नामांकन दर्ज कराया।

इंडिया गठबंधन के उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा से कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने भारी संख्या में समर्थकों के साथ आज प्रातः नंद नगरी जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दर्ज कराया। कन्हैया कुमार के साथ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव, पूर्व अध्यक्ष सुभाष चौपड़ा, चौ0 अनिल कुमार, दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय, आप विधायक संजीव झा, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डा0 नरेन्द्र नाथ, कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज, पूर्व विधायक चौ0 मतीन अहमद, हसन अहमद, श्री भीष्म शर्मा, , अ0भा0 एनएसयूआई अध्यक्ष वरुण चौधरी, जिला अध्यक्ष चौ0 जुबैर अहमद और आदेश भारद्वाज सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे।

नामांकन समारोह में शामिल प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली की सातों सीटों पर इंडिया गठबंधन जीत हासिल कर रही है। देश के पहले दो चरणों के चुनाव से दर्शाया है कि अब तानाशहों की नहीं काम करनेवालों को मौका मिलेगा। इस बार 400 पार का सपना नहीं पूरा होगा और दिल्ली से गठबंधन की विजय यात्रा की शुरूआत होगी। इस बार जुमलेबाजों को करारा जवाब देगी। लगभग 10 वर्षों तक देश के भविष्य को अंधकार में डालनेवाले भाजपा सरकार का अब सफाया होना तय है। दिल्ली के साथ साथ पूरे देश में इंडिया गठबंधन को पूरा समर्थन मिल रहा है और इसका जवाब 4 जून को जरूर मिलेगा।

नामांकन से पूर्व कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने मौजपुर स्थित चुनाव कार्यालय से जिला अधिकारी कार्यालय तक रोड़ शो किया। रोड़ शो में हजारों की संख्या में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय निवासी शामिल हुए। लगभग 5 किलोमीटर लम्बे रोड़ शो में उनके साथ कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के नेता भी शामिल थे। रास्ते भर सड़क के दोनो तरफ से उनके उपर फूलों की बौछार हो रही थी और क्षेत्रीय निवासी अपने घरों से कन्हैया कुमार के उपर फूल बरसाकर अपने समर्थन का विश्वास जता रहे थे। हजारों लोगों ने कांग्रेस के झंडे हाथ में लिए हुए थे।

भारी संख्या में मौजूद क्षेत्रीय जनता, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे उत्तर पूर्वी दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार बनाया है, मैं क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाता हूं आपके अधिकारों, हितों और आत्म सम्मान की रक्षा के लिए काम करूंगा। मैं उत्तर पूर्वी दिल्ली की जनता से कहना चाहता हूं कि लोकसभा उम्मीदवार में नही आप है, क्योंकि पिछले 10 वर्षों से भाजपा के सांसद ने आपके हितों और विकास के लिए कोई काम नही किया बल्कि आपके आत्म सम्मान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता अंहकारी होती है तो पाप अधिक बढ़ता है, अत्याचार बढ़ता है फिर उसके खिलाफ न्याय की लड़ाई की शुरुआत होती है। हमारे नेता श्री राहुल गांधी ने भाजपा की तानाशाही के खिलाफ न्याय की लड़ाई छेड़ी हुई है हमें एकजुट होकर इस लड़ाई को तब तक लड़ना है जब तक इसे अंजाम तक नही पहुंचा देते।

कन्हैया कुमार ने कहा कि मैं पूछना चाहता हॅू कि भाजपा ने दिल्ली में 6 सांसदों के टिकट काट दिया, उत्तर पूर्वी से सांसद का टिकट क्यों नही काटा? क्या इन्होंने यहां कोई काम किया है, अगर वो ऐसा मानते है तो यह भी उनका झूठ है। मैं पूछना चाहता हूं कि मनोज तिवारी जी कहते है कि उन्होंने 14 हजार करोड़ का विकास कार्य किया है, परंतु जनता कहती है कोई काम नही किया। उन्होंने कहा कि मैं कहना चाहता हूं कि अगर सरकार ने 14 हजार करोड़ दिए ही नही, अगर दिए है तो 14 हजार करोड़ का काम नही हुआ, जब इतनी राशि का काम नही हुआ हो तो 14हजार करोड़ गए कहां?

कन्हैया कुमार ने कहा कि आज चुनौती भरे समय में देश की जनता के अधिकारों, हितों, आत्मसम्मान को बचाने का सवाल नही है और नही किसी व्यक्ति विशेष सांसद, किसी प्रधानमंत्री, किसी गठबंधन को चुनने का सवाल है। आज अपने लोकतांत्रिक मतदान के अधिकार का प्रयोग करके तानाशाही सरकार को बदलकर देश को बचाने का सवाल है। मैं उत्तर पश्चिम दिल्ली की जनता से अपील करता हूॅ कि आप यहां से मुझे नही अपने आप को जिताने के लिए इंडिया गठबंधन का विजयी बनाकर संविधान को बचाने की पहल करें।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *