पीकेएल-11: अंतिम सेकेंड तक चले रोमांच के बाद बंगाल वारियर्स और यू मुंबा ने खेला सीजन का पहला टाई

Listen to this article

अंतिम सेकेंड तक चले रोमांच के बीच बंगाल वारियर्स और यू मुंबा ने गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में शनिवार को प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन का पहला टाई खेला। इस सीजन के 17वें मैच में अंतिम 20 सेकेंड तक मुंबा को एक अंक की लीड मिली हुई थी लेकिन बंगाल के डिफेंस ने अपना कमाल दिखाते हुए यह मैच 31-31 से बराबरी पर समाप्त किया।

दोनों टीमों का यह तीसरा मैच था। इससे पहले दोनों एक-एक मैच में हार और एक-एक में जीत मिली थी। यू मुंबा के लिए मंजीत ने सबसे अधिक सात जबकि डिफेंस में सोमवीर ने पांच अंक बनाए जबकि बंगाल के लिए मनिंदर सिंह ने रेड से 8 और नितेश तथा फजल ने क्रमशः 4 और तीन अंक डिफेंस से जुटाए।

बहरहाल, मनिंदर ने मल्टी प्वाइंट रेड से शुरूआत की लेकिन मंजीत ने दो रेड में इतने ही अंक लेकर स्कोर बराबर कर दिया। मनिंदर ने बोनस के साथ बंगाल को फिर आगे किया लेकिन सोमवीर ने नितिन को एंकल होल्ड कर स्कोर फिर बराबर कर दिया। इसके बाद बंगाल ने लगातार दो अंक ले 5-3 की लीड ले ली। मुंबा ने इसके बाद हालांकि लगातार दो अंक के साथ फिर बराबरी कर ली। फिर सुनील ने मनिंदर का शिकार कर मुंबा को पहली बार लीड दिलाई।

मनिंदर जल्द रिवाइव किए गए औऱ आते उन्होंने बंगाल को 8-7 की लीड दिला दी। ब्रेक के बाद मयूर ने मंजीत का शिकार कर बंगाल को 2 अंक की लीड दिला दी। फिर मनिंदर ने चार के डिफेंस में डू ओर डाई रेड पर अंक लिया। रोहित ने हालांकि डू ओर डाई रेड पर फजल का शिकार कर इसका हिसाब बराबर किया। नितिन ने इसका जवाब कप्तान सुनील को आउट करके दिया।

रिवाइव होकर आए फजल ने अजीत को लपक बंगाल को 12-8 से आगे कर दिया। इसके बाद बंगाल ने मुंबा को पहली बार आलआउट कर 16-9 की लीड ले ली। आलइन के बाद हालांकि मुंबा के डिफेंस ने मनिंदर को लपक लिया। पहला हाफ 20-13 के अंतर से बंगाल के नाम रहा। उसने अंतिम पांच मिनट में कुछ अच्छे अंक जुटाए लेकिन शुरू से चले आ रहे अंतर को पाट नहीं सकी।

ब्रेक के बाद शुरुआती पांच मिनट में दोनों टीमें को 2-2 अंक मिले। स्कोर 22-15 था। फिर चार के डिफेंस में मनिंदर डू ओर डाई रेड पर गए लेकिन रिंकू ने उन्हें नहीं जाने दिया। फिर दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। अगले पांच मिनट में मुंबा ने दो के मुकाबले 7 अंक बटोरे। 30 मिनट के खेल के बाद स्कोर 24-22 से बंगाल के हक में था लेकिन वे आलआउट की कगार पर थे।

इसके बाद बंगाल ने सुपर टैकल के दो अंक बटोरे लेकिन मनिंदर को अगली रेड पर आउट कर मुंबा ने बंगाल को आलआउट कर स्कोर 27-27 कर दिया। इसी बीच सोमवीर ने हाई-5 पूरा किया। फिर मुंबा ने लगातार चार अंकों के साथ 31-27 की लीड ले ली। इसी बीच विश्वास ने रिंकू को बाहर किया। फिर चार के डिफेंस में मंजीत डैश कर दिए गए। फिर नितिन ने स्कोर 30-31 कर दिया।

दो मिनट से भी कम समय बचा था। अंतिम 20 सेकेंड तक मुंबा को एक अंक की लीड थी औऱ रोहित डू ओर डाई रेड पर आए। वह लपके गए और इस तरह यह मैच 31-31 की बराबरी पर समाप्त हुआ।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *