नई दिल्ली: कांग्रेस ने मध्य प्रदेश से अपनी राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज किए जाने पर कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे देश के लोकतांत्रिक इतिहास की सबसे दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में से एक बताया है। नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में पार्टी के शीर्ष नेताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव आयोग के साथ साठगांठ करके राज्यसभा चुनाव में सरेआम धांधली की है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति द्वारा मध्य प्रदेश के 61 विधायकों के प्रतिनिधिमंडल को मिलने का समय न दिए जाने पर भी गहरा दुख व्यक्त किया।
पत्रकार वार्ता में खुद मीनाक्षी नटराजन ने अपने नामांकन पत्र की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उनके फॉर्म में किसी भी तरह की कोई कमी या वैधानिक चूक नहीं थी। उन्होंने बताया कि जिस निजी शिकायत को आधार बनाकर उनका पर्चा रद्द किया गया है, उसकी जानकारी देने के लिए फॉर्म 26 में कोई कॉलम ही नहीं था। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें किसी अपराध में दोषी ठहराया गया है। सिर्फ एक कानूनी नोटिस है, जिस पर अदालत ने अब तक संज्ञान भी नहीं लिया है।
मुख्य न्यायाधीश को चयन प्रक्रिया से हटाकर संस्था पर कब्जा: हरीश चौधरी
मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि अब यह संस्था पूरी तरह एकपक्षीय हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव आयुक्तों के चयन की समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को हटाकर एक कैबिनेट मंत्री को शामिल कर लिया है, ताकि मनमाफिक नियुक्तियां की जा सकें। उन्होंने दोहराया कि झारखंड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के फॉर्म में बड़ी गलतियों के बावजूद उन्हें सुधार का मौका मिला, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन तुरंत निरस्त कर दिया गया।
‘मोदी है तो मुमकिन है’ की कीमत चुका रहा देश का हर वर्ग
‘मोदी है तो मुमकिन है’ के नारे पर तीखा प्रहार करते हुए हरीश चौधरी ने कहा कि इस नारे की भारी कीमत देश का हर वर्ग चुका रहा है। उन्होंने नीट (NEET) पेपर लीक और सीबीएसई (CBSE) की गड़बड़ियों का हवाला देते हुए कहा कि पूरी शिक्षा व्यवस्था तबाह हो चुकी है और छात्र परेशान हैं। इसके अलावा किसानों को फसल के सही दाम नहीं मिल रहे हैं और वे खाद की किल्लत झेल रहे हैं। वहीं, सरकार की गलत विदेश नीति के कारण देश तेल और ईंधन के संकट से जूझ रहा है।
कांग्रेस के संख्या बल से घबराकर भाजपा ने रची साजिश: जीतू पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश में राज्यसभा सीट जीतने के लिए संख्या बल के हिसाब से पार्टी को 58 विधायकों की जरूरत थी, जबकि कांग्रेस के पास इससे अधिक विधायक और निर्दलीय साथियों का समर्थन है। इसी एकजुटता से भयभीत होकर भाजपा ने आरएसएस (RSS) पृष्ठभूमि वाले निर्वाचन अधिकारी पर दबाव बनाकर नटराजन का पर्चा खारिज करवाया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता इसके विरोध में भोपाल चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर धरने पर सोए रहे, और केसी वेणुगोपाल के नेतृत्व में दिल्ली में भी आवेदन दिया गया, लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हुई।
वोट चोरी के बाद अब सीधे सीट चोरी पर उतरी भाजपा: उमंग सिंघार व मल्लिकार्जुन खरगे
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा पहले वोट चोरी करती थी, लेकिन अब सीधे सीट चोरी करने लगी है। उन्होंने दावा किया कि निर्वाचन अधिकारी ने खुद सरकार के दबाव में गलती करने की बात स्वीकार की है। वहीं, बेंगलुरु में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस पूरी कार्रवाई को गैरकानूनी बताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के इशारे के बिना ऐसा होना मुमकिन नहीं है। खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार आरएसएस के एजेंटों को बड़े पदों पर बैठाकर विपक्ष और लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रच रही है।











