मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गिनाईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

Listen to this article

नई दिल्ली: माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूरे होने और सर्वाधिक लंबे सेवा कार्यकाल का नया रिकॉर्ड बनाने पर दिल्ली में एक भव्य पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल को विकास, जनविश्वास और जनकल्याण को समर्पित बताया। नेताओं ने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने खेत-खलिहान से लेकर चंद्रयान तक और गांव की चौपाल से लेकर वैश्विक मंचों तक अद्वितीय और असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं।

इस महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता का संचालन मीडिया प्रमुख श्री प्रवीण शंकर कपूर ने प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक श्री राजकुमार भाटिया की गरिमामयी उपस्थिति में किया। प्रवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यह 12 वर्ष केवल शासन के नहीं, बल्कि भारत के परिवर्तित निर्माण और अमृतकाल की मजबूत नींव रखने के ऐतिहासिक वर्ष रहे हैं।

डिजिटल इंडिया से लेकर आत्मनिर्भर रक्षा क्षेत्र तक विकास की नई ऊंचाई

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि यह यात्रा देश के 140 करोड़ नागरिकों के सशक्तिकरण की कहानी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि देश में मेट्रो नेटवर्क 248 किमी से बढ़कर 1,095 किमी हो चुका है। मेक इन इंडिया के तहत भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बना है। इसके साथ ही, ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, 81 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ से अधिक नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के तहत मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है।

बीते 12 वर्षों में बदली दिल्ली की तस्वीर, मिले बड़े प्रोजेक्ट्स

दिल्ली के विकास पर विशेष चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि मोदी सरकार ने राजधानी को अवसंरचना (Infrastructure) के लिए ₹1.25 लाख करोड़ से अधिक की राशि दी है। दिल्ली-मेरठ, द्वारका और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के साथ-साथ अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) और नमो भारत कॉरिडोर इसका प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। इसके अलावा, भारत मंडपम, प्रगति मैदान टनल और आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक 10 किमी लंबे नए मेट्रो कॉरिडोर की स्वीकृति से वीआईपी क्षेत्रों को बेहतरीन कनेक्टिविटी मिलेगी। दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए फेम (FAME) योजना के तहत 4,550 इलेक्ट्रिक बसें दिलाई जा चुकी हैं।

दिल्ली को जाम और प्रदूषण से मिलेगी मुक्ति: हर्ष मल्होत्रा

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष और सांसद श्री हर्ष मल्होत्रा ने सड़क एवं परिवहन क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व क्रांतिकारी बदलावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज हाईवे बनने की रफ्तार 12 किमी प्रति दिन से बढ़कर 32 किमी प्रति दिन हो चुकी है। दिल्ली की आंतरिक कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अक्षरधाम से बदरपुर का सफर सिर्फ 15 मिनट, पंजाबी बाग से टिकरी बॉर्डर सिर्फ 30 मिनट में तय करने और आई.एन.ए. से महिपालपुर तक नए हाईवे के निर्माण की योजना पर तेजी से काम चल रहा है, जो दिल्ली के जाम, समय की बर्बादी और प्रदूषण को सीधे तौर पर कम करेगा।

वैश्विक मंच पर बढ़ा मान और सांस्कृतिक गौरव की पुनर्स्थापना

श्री हर्ष मल्होत्रा ने भारत की बढ़ती वैश्विक साख का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी को मिले 32 अंतर्राष्ट्रीय सम्मान 140 करोड़ भारतीयों की शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने सीमाओं पर बनी 8,000 किमी लंबी रणनीतिक सड़कों और आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल व एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाइयों की सराहना की। इसके साथ ही बाबा साहेब के पंचतीर्थ, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर ‘जनजातीय गौरव दिवस’, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम के पुनर्विकास को भारत की सांस्कृतिक चेतना का उदय बताया। अंत में उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली भाजपा जल्द ही केंद्र सरकार की 12 वर्षों और दिल्ली की 15 महीनों की उपलब्धियों को लेकर घर-घर तक एक महा-जागरूकता अभियान चलाएगी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *