नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026: राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक त्यागराज स्टेडियम में सोमवार को 22वीं कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 की भव्य और रंगारंग शुरुआत हुई। दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की आधिकारिक ट्रॉफी का अनावरण किया और औपचारिक रूप से चैंपियनशिप के शुभारंभ की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टेबल टेनिस रैकेट से प्रतीकात्मक ‘सेरेमोनियल फर्स्ट स्ट्रोक’ खेलकर प्रतियोगिता का आगाज किया।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्षता और अनुशासन की शपथ ली। इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद, कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस फेडरेशन के अध्यक्ष श्री विवेक कोहली और टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष श्रीमती मेघना अहलावत सहित कई देशों के प्रतिनिधि और खिलाड़ी उपस्थित थे।
‘परेड ऑफ नेशंस’ और भारतीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ हुई। इसके बाद हिस्सा ले रहे सभी देशों के खिलाड़ियों की ‘परेड ऑफ नेशंस’ आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च किया।
उद्घाटन समारोह में भारतीय संस्कृति और विविधता की झलक देखने को मिली। कलाकारों द्वारा पेश की गई ‘कलर ऑफ इंडिया’, ‘शिव तांडव’ और सितार-सिम्फनी की जुगलबंदी जैसी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विदेशी मेहमानों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
“खेल केवल स्पर्धा नहीं, संस्कृतियों को जोड़ने का माध्यम”: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
देश-विदेश से आए खिलाड़ियों और प्रतिनिधिमंडलों का दिल्ली में स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा:
“दिल्ली के लिए यह गर्व की बात है कि हमें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। खेल केवल जीत-हार की प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समाजों को आपस में जोड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ वैश्विक पटल पर नई ऊंचाइयां छू रहा है। दिल्ली भी बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है।”
“शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक”: खेल मंत्री आशीष सूद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री श्री आशीष सूद ने कहा कि कक्षा जहाँ विद्यार्थियों को बौद्धिक ज्ञान देती है, वहीं खेल का मैदान उन्हें अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व की क्षमता सिखाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केवल स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
25 देशों के खिलाड़ी लेंगे हिस्सा; दर्शकों के लिए प्रवेश बिल्कुल मुफ्त
यह अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक त्यागराज स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, नाइजीरिया, मलेशिया और श्रीलंका सहित कॉमनवेल्थ के 25 सदस्य देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
खेल प्रेमियों और आम जनता को प्रोत्साहित करने के लिए दिल्ली सरकार ने प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क (Free Entry) रखा है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।






