नई दिल्ली में प्रस्तावित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने व्यापक नागरिक सुविधाओं और सेवाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए एनडीएमसी अध्यक्ष श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिखर सम्मेलन के दौरान निर्बाध शहरी सेवाएं, विश्वस्तरीय स्वच्छता और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के लिए समन्वित तैयारी योजना लागू की गई है।
श्री द्विवेदी ने बताया कि तैयारियों के तहत 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किलों में विभाजित किया गया है और प्रत्येक सर्किल के लिए एक समर्पित नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी नोडल अधिकारी अपनी फील्ड टीम के साथ प्रतिदिन क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे ताकि मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) का कड़ाई से पालन हो सके।
सौंदर्यीकरण और हरियाली पर विशेष फोकस:
शहर की दृश्य सुंदरता बढ़ाने के लिए एनडीएमसी ने 15 स्थानों पर पुष्प सुसज्जित बोर्ड, 09 स्थानों पर फूलों के फव्वारे और 17 गोलचक्करों पर सजावटी विद्युत रोशनी और लैंडस्केपिंग की योजना बनाई है। इसके अलावा अनेक प्रमुख स्थलों को विशेष नागरिक रखरखाव के लिए चिन्हित किया गया है, जिनका विवरण सुरक्षा कारणों से सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। बागवानी योजना के तहत मौसमी फूलों का रोपण, ग्रीन कॉरिडोर का रखरखाव, झाड़ियों की छंटाई और सजावटी प्लांटर्स लगाए जाएंगे।
24×7 स्वच्छता और बुनियादी ढांचा:
एनडीएमसी द्वारा 9 से 14 सितंबर, 2026 तक 24×7 स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए अतिरिक्त स्वच्छता कर्मचारी और विशेष रात्रि ड्यूटी टीमों की तैनाती होगी। मैकेनिकल रोड स्वीपर, गोबलर, राइड-ऑन स्क्रबर जैसी आधुनिक मशीनों से गहन सफाई की जाएगी। अस्थायी डस्टबिन, मोबाइल शौचालय लगाए जाएंगे और आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही सड़कों के गड्ढों, फुटपाथों, रेलिंग और स्ट्रीट फर्नीचर की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है।
ब्रांडिंग, सुरक्षा और स्वास्थ्य तैयारियां:
जन-जागरूकता के लिए 154 डिजिटल स्क्रीनों और लगभग 83 सार्वजनिक शौचालयों पर ब्रिक्स सम्मेलन की ब्रांडिंग प्रदर्शित की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों को सुव्यवस्थित रखने के लिए अतिक्रमण और अनधिकृत होर्डिंग हटाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।
चिकित्सा तैयारियों के तहत चिन्हित स्थानों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती, खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और मच्छर नियंत्रण जैसे निवारक उपाय किए जाएंगे। मानसून को देखते हुए जलभराव रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ब्रिक्स बाजार, ब्रिक्स रन एंड राइड, ब्रिक्स म्यूरल और ब्रिक्स फूड फेस्टिवल जैसे कार्यक्रमों के लिए भी अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वास्तविक समय में निगरानी के लिए 24×7 कंट्रोल रूम और कमांड एंड कंट्रोल सेंटर सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी करेगा।
श्री द्विवेदी ने बताया कि एनडीएमसी विदेश मंत्रालय, दिल्ली पुलिस, जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय में कार्य कर रही है। उन्होंने मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन (MTAs) और रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWAs) से भी अपील की है कि वे अपने क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर नई दिल्ली का सर्वोत्तम स्वरूप प्रस्तुत करने में सहयोग करें।








