दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने गैर राजनीतिक एनजीओ प्रजा फाउंडेशन की हालिया रिपोर्ट का स्वागत किया है, जो हर साल दिल्ली के विधायकों और नगर निगम पार्षदों के प्रदर्शन का विश्लेषण करता है और उन्हें ग्रेड देता है।
भाजपा प्रवक्ता ने उन आठ भाजपा विधायकों को बधाई दी है जो वर्गीकृत किये गये 61 विधायकों में से पहले 16 में आए हैं।
यह गर्व की बात है कि भाजपा विधायक अजय महावर को दिल्ली का सर्वश्रेष्ठ विधायक घोषित किया गया है, जबकि मोहन सिंह बिस्ट, ओम प्रकाश शर्मा, रामवीर सिंह बिधूड़ी और जितेंद्र महाजन पहले पांच स्थान पर हैं। विजेन्द्र गुप्ता, अनिल बाजपेयी और अभय वर्मा भी प्रथम 16 में आये हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा जल्द ही एक पार्टी कार्यक्रम में विधायकों को सम्मानित करेंगे।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि प्रजा फाउंडेशन की रिपोर्ट सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के लिए आंखें खोलने वाली है क्योंकि उनके अधिकांश वरिष्ठ विधायकों को सबसे खराब ग्रेड मिले हैं, जबकि भाजपा विधायकों के प्रदर्शन को आम लोगों द्वारा सर्वेक्षण में शीर्ष पर रखा गया है। प्रजा फाउंडेशन के प्रदर्शन सर्वेक्षण की रिपोर्ट जिसमें शीर्ष पांच स्थान भाजपा विधायकों को मिले हैं, उससे साफ है कि दिल्ली की जनता भाजपा विधायकों के काम से बेहद संतुष्ट है।
दिल्ली के सबसे विवादास्पद विधायक आम आदमी पार्टी के दिनेश मोहनिया, शोएब इकबाल और अमानतुल्ला खान को नीचे के तीन स्थानों पर सूचीबद्ध किया गया है, जबकि पार्टी के एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक नीचे से चौथे स्थान पर यानी 58वें स्थान पर हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा है कि आज अरविंद केजरीवाल सरकार का सबसे प्रमुख चेहरा सुश्री आतिशी 42वें स्थान पर सूचीबद्ध हैं, जबकि एक अन्य मंत्री सौरभ भारद्वाज 20वें स्थान पर सूचीबद्ध हैं।