राजधानी दिल्ली में गहराते पेयजल संकट और भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार की निष्क्रियता के खिलाफ करावल नगर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मंगेश त्यागी के नेतृत्व में बुराड़ी स्थित जल बोर्ड कार्यालय के बाहर जोरदार ‘मटका फोड़’ प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव भी दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन में शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं ने मटका फोड़ कर भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली की BJP सरकार पानी की कमी के संकट को हल करने के लिए कोई गंभीर कोशिश नहीं कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर गरीब बस्तियों में DJB पाइपलाइनों से पानी की आपूर्ति नहीं कर रही है।
इस ‘मटका फोड़’ विरोध प्रदर्शन में नरेंद्र सोनी, नारायण दत्त, प्रदीप राणा, श्याम सिसौदिया, राजन पांडे, खेम चंद सैनी, विनय त्यागी, अनिल बंसीवाल, अमित डेडा, विनोद कुमार और मुकेश पाल समेत बड़ी संख्या में महिलाएँ, कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
श्री यादव ने चेतावनी दी कि कांग्रेस कार्यकर्ता पानी की कमी के खिलाफ सड़कों पर उतरना जारी रखेंगे और रेखा गुप्ता सरकार पर दबाव बनाएंगे। उन्होंने मांग की कि गरीब बस्तियों में पीने के पानी की आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ‘ट्रिपल इंजन’ BJP सरकार अपने पड़ोसी BJP शासित राज्यों से दिल्ली के लिए अतिरिक्त पानी लेने में पूरी तरह नाकाम रही है।
जिला अध्यक्ष मंगेश त्यागी ने कहा कि भीषण गर्मी में जनता बूंद बूंद पानी को तरस रही है, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। कांग्रेस गरीबों के हक की लड़ाई आखिरी सांस तक लड़ेगी।
आइए देखते हैं टोटल खबरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की इस रिपोर्ट में प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव और जिला अध्यक्ष मंगेश त्यागी ने क्या कहा।









