नई दिल्ली, 1 अगस्त 2026: दिल्ली सरकार की महात्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ (Delhi Laxmi Yojna) के ऑनलाइन पोर्टल (dly.delhi.gov.in) के लाइव होते ही महिलाओं का ज़बरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह 6:30 बजे पोर्टल शुरू होने के बाद शुरुआती 12 घंटों (सुबह 6:30 बजे से शाम 6:30 बजे तक) के भीतर ही 33,730 से अधिक महिलाओं ने योजना के तहत अपना पंजीकरण कराया है।
पहले 12 घंटों (सुबह 6:30 बजे से शाम 6:30 बजे) की मुख्य स्थिति:
- कुल पंजीकरण : 33,730+
- अंतिम रूप से जमा आवेदन : 1,940
- विधायक अनुशंसा हेतु लंबित आवेदन : 9,170+
पोर्टल पर उमड़ी आवेदकों की भीड़
दिल्ली की मुख्यमंत्री द्वारा शनिवार को आधिकारिक रूप से लॉन्च किए गए इस पोर्टल पर सुबह से ही आवेदकों की भारी आवाजाही दर्ज की गई। योजना के नियमों के अनुसार आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण के साथ-साथ क्षेत्रीय प्रतिनिधियों (MLA) की अनुशंसा का भी प्रावधान रखा गया है।
शाम 6:30 बजे तक 9,170 से अधिक आवेदन विधायकों की संस्तुति/अनुशंसा की प्रक्रिया में हैं, जबकि 1,940 महिलाओं के आवेदन पूरी तरह से सबमिट हो चुके हैं।
क्या है दिल्ली लक्ष्मी योजना?
दिल्ली सरकार द्वारा शुरू की गई ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत राजधानी की 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को ₹2,500 प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ 2.5 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों की योग्य महिलाओं को मिलेगा। सरकार का लक्ष्य समयबद्ध तरीके से आवेदनों का भौतिक व ऑनलाइन सत्यापन पूरा कर रक्षाबंधन के अवसर पर पात्र महिलाओं के खातों में पहली किस्त ट्रांसफर करना है।









