फेडरेशन ऑफ सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन (पंजीकृत) – FESTA द्वारा आयोजित “FESTA व्यापारी संवाद सम्मेलन” राकेश कुमार यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में पुरानी दिल्ली की लगभग 120 व्यापारिक संस्थाओं, सदर बाजार की 83 व्यापारिक एसोसिएशनों तथा करीब सैकड़ो व्यापारियों ने भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर जय प्रकाश (जेपी), भाजपा जिला अध्यक्ष अरविंद गर्ग, मंत्री कमल सिंह, चेयरपर्सन ऊषा शर्मा, वरिष्ठ पार्षद संजय शर्मा, मुकेश गोयल, प्रो. रघुवंश सिंघल, सांसद प्रवीण खंडेलवाल के प्रतिनिधि तथा CAIT अध्यक्ष विपिन आहूजा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सम्मेलन में FESTA के संयोजक पवन कुमार ने व्यापारियों से एकजुट होकर अपनी समस्याओं को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखने का आह्वान किया सदर बाजार एवं पुरानी दिल्ली के व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं जैसे जर्जर सड़कें, जलभराव, बिजली के तारों का जाल, अतिक्रमण, पटरी माफिया और बाजारों के खराब इंफ्रास्ट्रक्चर पर गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने ऐतिहासिक “लाला गद्दी” व्यापारिक परंपरा के संरक्षण और बाजारों के समग्र विकास की आवश्यकता पर बल दिया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में FESTA अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने दिल्ली के सभी व्यापारी संगठनों को साथ लेकर एक स्वतंत्र “व्यापारी ट्रेड बोर्ड” के गठन का प्रस्ताव रखा, जो व्यापारियों की समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएगा।
वरिष्ठ व्यापारी नेता परमजीत सिंह पम्मा एवं राजेंद्र शर्मा ने कहा कि सदर बाजार देश की व्यापारिक विरासत का प्रतीक है। व्यापारियों को मजबूत और संगठित मंच देने के साथ-साथ पारंपरिक बाजारों के संरक्षण एवं आधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए विशेष नीति बनाई जानी चाहिए।
सभा को राधेश्याम शर्मा, बलदेव गुप्ता, मुकेश सचदेवा, प्रदीप गुप्ता, हेमंत गुप्ता, भगवान बंसल, सुशील गोयल, चंद्रभूषण गुप्ता, विनय नारंग, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महामंत्री मुकुंद श्याम बिहारी मिश्रा एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष प्रेम अरोड़ा सहित अनेक वरिष्ठ व्यापारिक नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सदर बाजार और पुरानी दिल्ली के बाजार देश की व्यापारिक धरोहर हैं, जिनके आधारभूत ढांचे के आधुनिकीकरण, अतिक्रमण मुक्ति और व्यापारियों की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक व्यापारिक परंपरा के संरक्षण तथा देशभर के व्यापारियों का राष्ट्रीय व्यापारी डेटाबेस तैयार करने की मांग करने का निर्णय लिया गया।
2026-08-04






