दिल्ली के सरकारी स्कूलों में आधुनिक और तकनीकी शिक्षा को नया आयाम देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। पीतमपुरा स्थित सर्वोदय विद्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक STEM (Science, Technology, Engineering & Mathematics) इनोवेशन लैब का भव्य उद्घाटन मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर को क्षेत्र के विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक और अत्यंत दूरदर्शी पहल बताया जा रहा है।
पीतमपुरा (वार्ड-57) के निगम पार्षद डॉ. अमित नागपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के आधुनिक युग में केवल पारंपरिक शिक्षा पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को भविष्य की वैश्विक चुनौतियों का मुकाबला करने के सक्षम बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक और तकनीक-आधारित शिक्षा समय की मांग है।
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
डॉ. अमित नागपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के सक्षम नेतृत्व में दिल्ली सरकार लगातार सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदलने के लिए प्रयासरत है। स्कूलों में डिजिटल संसाधनों, आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देकर सरकारी विद्यालयों को एक नई पहचान दी जा रही है।
पीतमपुरा में स्थापित यह STEM इनोवेशन लैब बच्चों में कम उम्र से ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण (Scientific Temperament), नवाचार की भावना और समस्या समाधान (Problem-Solving Skills) की क्षमता विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगी। लैब के माध्यम से छात्र विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के जटिल सिद्धांतों को प्रयोगात्मक रूप से सीख सकेंगे।
सरकार और कॉर्पोरेट जगत (CSR) की मिसाल
इस महत्वपूर्ण परियोजना को साकार करने में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) की भूमिका की सराहना करते हुए डॉ. नागपाल ने प्रसिद्ध पूर्व क्रिकेटर शिखर धवन, Shikhar Dhawan फाउंडेशन, HMD इंडिया के अध्यक्ष रवि कंवर और उनकी पूरी टीम का विशेष आभार जताया।
उन्होंने कहा कि जब सरकार और निजी क्षेत्र जनकल्याण के लिए एक साथ आते हैं, तो समाज में बड़े और दीर्घकालिक परिवर्तन संभव होते हैं। HMD इंडिया और शिखर धवन फाउंडेशन का यह योगदान यह सिद्ध करता है कि सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन कर सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
भविष्य में 80 और STEM लैब्स स्थापित करने का संकल्प
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण भविष्य की योजनाओं की घोषणा रही। उद्घाटन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता को यह आश्वासन दिया गया कि भविष्य में दिल्ली के अन्य सरकारी विद्यालयों में ऐसी 80 और STEM इनोवेशन लैब स्थापित की जाएंगी।
डॉ. नागपाल ने इस संकल्प को दिल्ली के लाखों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की ओर एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का नेतृत्व इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि शिक्षा, नवाचार और बच्चों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देकर ही ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय सपने को साकार किया जा सकता है। ऐसी साझेदारियों से सरकारी स्कूलों के छात्रों को भी वही अवसर मिलेंगे, जो किसी भी निजी अंतरराष्ट्रीय स्कूल के बच्चों को प्राप्त होते हैं।
दिल्ली में विकास कार्यों को मिली नई गति
पूर्ववर्ती नीतियों पर चर्चा करते हुए डॉ. नागपाल ने कहा कि बीते वर्षों में विकास की गति धीमी पड़ गई थी, लेकिन भाजपा सरकार के आने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, नागरिक सुविधाओं और आधारभूत ढाँचे में तेज़ी से सुधार हो रहा है। पीतमपुरा का सर्वोदय विद्यालय इस सकारात्मक बदलाव का जीता-जागता उदाहरण है।
अंत में डॉ. अमित नागपाल ने मुख्यमंत्री, शिक्षा विभाग, HMD इंडिया, शिखर धवन फाउंडेशन तथा सभी सहयोगियों का धन्यवाद करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे प्रयासों से दिल्ली के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और तकनीक-सक्षम शिक्षा मिलती रहेगी।






