एनडीएमसी ने कनॉट प्लेस के 11 सार्वजनिक शौचालयों के संचालन का समय बढ़ाकर मध्यरात्रि तक किया

Listen to this article

नई दिल्ली, 03 सितंबर, 2026 । नागरिकों एवं आगंतुकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा जन-सुविधा को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद् (एनडीएमसी) ने कनॉट प्लेस स्थित 11 सार्वजनिक शौचालय सुविधाओं (PTUs) के संचालन का समय बढ़ाकर मध्यरात्रि तक करने का निर्णय लिया है।

कनॉट प्लेस में कुल 23 सार्वजनिक शौचालय हैं, जिनमें से प्रथम चरण में 11 सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं आम जनता के लिए मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेंगी। इनकी विस्तारित समय-सारिणी को 04 सितंबर, 2026 से लागू किया जाएगा।

एनडीएमसी के अध्यक्ष – श्री मनोज कुमार द्विवेदी ने कहा कि कनॉट प्लेस देर रात तक नागरिकों, आगंतुकों और पर्यटकों की आवाजाही से गुलजार रहता है। उन्होंने कहा, “शाम और देर रात के समय कनॉट प्लेस आने वाले एवं यहां ठहरने वाले लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, एनडीएमसी ने 04 सितंबर से 11 सार्वजनिक शौचालयों के संचालन का समय बढ़ाकर मध्यरात्रि तक करने का निर्णय लिया है। आने वाले समय में और अधिक सार्वजनिक शौचालयों को भी विस्तारित संचालन समय के अंतर्गत लाया जाएगा।”

नई दिल्ली के कनॉट प्लेस में स्थित कुल 23 सार्वजनिक शौचालयों में से प्रथम चरण में चिन्हित निम्नलिखित 11 सार्वजनिक शौचालय सुविधाएं मध्यरात्रि तक उपलब्ध रहेंगी : –

एस.बी.एस. मार्ग, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस।
ई.एस.एस. के निकट, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस।
मिडिल सर्किल, ए-ब्लॉक, आरआर-2 के निकट।
मिडिल सर्किल, के-ब्लॉक, आरआर-4 एवं आरआर-5 के बीच, कनॉट प्लेस।
मिडिल सर्किल, ई-ब्लॉक, आरआर-7 एवं सेंट्रल पार्क के बीच।
डी-ब्लॉक के सामने, इनर सर्किल, कनॉट प्लेस।
एफ-ब्लॉक के सामने, सेंट्रल पार्क, इनर सर्किल, कनॉट प्लेस।
सुपर बाजार पार्किंग के निकट, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस।
ईसीई हाउस, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस।
मिडिल सर्किल, एफ-ब्लॉक, आरआर-1 के निकट।
पंचकुइयां रोड एवं चेल्म्सफोर्ड रोड, आउटर सर्किल, कनॉट प्लेस।

एनडीएमसी ने बताया कि कनॉट प्लेस में सार्वजनिक शौचालयों के संचालन का समय बढ़ाने की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देर शाम और रात्रि के समय भी आगंतुकों एवं आम जनता को आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुगमता से उपलब्ध हो सकें।

परिषद् द्वारा नागरिकों से प्राप्त फीडबैक, जन-आवश्यकताओं तथा संचालन की व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से अन्य सार्वजनिक शौचालयों में भी संचालन समय बढ़ाने की संभावनाओं का परीक्षण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *