पंजाबी बाग के जन्माष्टमी पार्क, रिंग रोड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव समिति द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और भारतीय संस्कृति को समर्पित 50वां स्वर्ण जयंती महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। यह सात दिवसीय महोत्सव 29 अगस्त से 4 सितंबर तक प्रतिदिन सायं 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक चल रहा है, जिसमें प्रवेश निःशुल्क है। इस वर्ष का आयोजन भव्य मंच, धार्मिक झांकियों और भक्ति संगीत के साथ दिल्ली के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में विशेष पहचान बना रहा है।
महोत्सव में देश-विदेश के कलाकारों और फिल्मी सितारों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। 29 अगस्त को मीनाक्षी शेषाद्रि द्वारा ‘सीता की रामायण’, 30 को हेमा मालिनी द्वारा ‘द्रौपदी’, 31 को मनोज तिवारी-श्वेता तिवारी द्वारा भजन, 1 सितंबर को पुनीत इस्सर द्वारा ‘गीता सार’, 2 को डेज़ी शाह द्वारा ‘राधे कृष्ण’, 3 को पद्मिनी कोल्हापुरी द्वारा ‘यशोदा नंदन’ और 4 सितंबर को कुमार विशु द्वारा भजनों की अमृत वर्षा तथा शुभम-रूपम द्वारा तांडव उत्सव प्रस्तुत किया जाएगा।
समिति ने बताया कि इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण के संदेश और सनातन परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। समिति ने सभी दिल्लीवासियों से परिवार सहित पहुंचकर भगवान की लीलाओं और भक्ति संगीत का आनंद लेने की अपील की है।



