लव कुश रामलीला कमेटी द्वारा कांस्टीट्यूशन क्लब में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। कमेटी के प्रेसीडेंट अर्जुन कुमार ने इस वर्ष की रामलीला में मुख्य किरदार निभा रहे फिल्मी कलाकारों को मीडिया से रूबरू कराया। प्रसिद्ध अभिनेता राज प्रेमी इस बार रावण का किरदार निभाएंगे, जिन्होंने संजय खान के ‘जय हनुमान’ सहित कई पौराणिक सीरियलों में अपनी पहचान बनाई है। लेजेंड अभिनेता और फिल्मफेयर अवार्ड विजेता पेंटल कंवरजीत सिंह पहली बार किसी रामलीला में नारद मुनि का अभिनय करेंगे, जबकि प्रसिद्ध अभिनेता सिंगर शंकर साहनी केवट की भूमिका में नजर आएंगे।
प्रेस वार्ता में अर्जुन कुमार ने बताया कि इस वर्ष लीला मंचन के लिए 140 फीट लंबा, 60 फीट चौड़ा और 45 फीट ऊंचा चार मंजिला भव्य मीनाक्षी मंदिर जैसा मंच तैयार किया जा रहा है। कोलकाता, मुंबई, गुजरात और मथुरा वृंदावन के कारीगरों ने महीनों की मेहनत से यह सेट बनाया है। एक लाख मल्टीकलर LED लाइटों से सजे इस मंच पर 31 फीट का कैलाश पर्वत, घने जंगल का दृश्य, विजुअल इफेक्ट से पानी पर चलती नाव, 135×14 की विशाल LED पर 3D मैपिंग, और 70 फीट की ऊंचाई पर युद्ध के दौरान भूत-प्रेतों के दृश्य दिखाए जाएंगे, जिसे 8-ट्रैक डिजिटल डॉल्बी साउंड और भी जीवंत बनाएगा। बताया जाता है कि रामलीला 11 से 21 अक्टूबर तक चलेगी और 20 अक्टूबर को रावण दहन होगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर लालकिला मैदान में निःशुल्क हेल्थ मेला और दिव्यांग उपकरण वितरण शिविर लगाया जाएगा। 20 सितंबर को भूमि पूजन समारोह में कई केंद्रीय मंत्री और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। आइए देखते हैं। टोटल खबरें के वरिष्ठ संवाददाता राजेश खन्ना की रिपोर्ट में



