पीकेएल-11: आशू और नवीन की बदौलत दबंग दिल्ली केसी ने मेजबान तेलुगू टाइटंस को 4 अंक से हराया

Listen to this article

आशू मलिक और नवीन कुमार के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत दबंग दिल्ली केसी ने गाचीबोवली इंडोर स्टेडियम में शनिवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के 18वें मैच में मेजबान तेलुगू टाइटंस को 41-37 के अंतर से हराकर जीत की पटरी पर वापसी की। दिल्ली की तीन मैचों में यह दूसरी जीत है जबकि टाइटंस को चार में से तीन मैचों में हार मिली है।

दिल्ली के लिए आशू और नवीन ने 15-15 अंक जुटाए। टाइटंस के लिए पवन सेहरावत ने दो सुपर रेड के साथ कुल 18 अंक जुटाए। इस क्रम में आशीष नरवाल (9) ने उनका अच्छा साथ दिया लेकिन इन दोनों के प्रयास डिफेंस की नाकामी के कारण टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुए।

दिल्ली ने अच्छी शुरुआत करते हुए पवन को पहली ही रेड पर लपक लिया। फिर पांच मिनट बीतते-बीतते 4-2 की लीड ले ली। इसी बीच नवीन ने दो अंक की रेड के साथ टाइटंस को आलआउट की ओर धकेल दिया। इसके बाद आशू ने आसान इस्केप किया लेकिन पवन ने सुपर रेड के साथ टाइटंस को मुकाबले में बनाए रखा। स्कोर 6-7 हो गया था।

इसी बीच नवीन ने सुपर टैकल की स्थिति में कृष्ण ढुल का शिकार कर लिया लेकिन पवन ने एक और सुपर रेड के साथ टाइटंस को 9-8 से आगे कर दिया। नवीन ने हालांकि चार के डिफेंस में पवन का शिकार कर न सिर्फ हिसाब चुकता किया बल्कि स्कोर भी बराबर कर दिया। आशीष का शिकार कर विजय ने टाइटंस को फिर आगे किया लेकिन नवीन ने फिर स्कोर बराबर कर दिया।

इसके बाद टाइटंस ने लगातार तीन अंक लेकर 13-10 की लीड ले ली। पवन की वापसी हो चुकी थी। दिल्ली की टीम पर आलआउट का खतरा था और पवन ने इसे अंजाम देकर टाइटंस को 17-11 की लीड दिला दी। पिछले पांच मिनट में टाइटंस ने 3 के मुकाबले 8 अंक बटोरे लेकिन हाफटाइम से पहले आशू ने दो अंक की रेड कर स्कोर 14-18 कर दिया। इसी बीच पवन ने सीजन का तीसरा सुपर-10 पूरा किया।

हाफ टाइम तक टाइटंस 20-15 से आगे थे। इसके बाद की दो रेड पर दो अंक लेकर आशू ने सुपर-10 पूरा किया। फिर नवीन ने पवन को बाहर कर स्कोर 19-20 कर दिया। इसके बाद डू ओर डाई रेड पर आशीष को लपक दिल्ली ने स्कोर बराबर कर लिया। फिर दिल्ली ने टाइटंस को आलआउट कर 24-21 की लीड ले ली।

नवीन रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। एक मल्टी प्वाइंट रेड के साथ उन्होंने इस सीजन का पहला सुपर-10 पूरा किया। इसी बीच दिल्ली के डिफेंस ने पवन का शिकार कर लिया। 10 मिनट बचे थे और स्कोर 29-24 से दिल्ली के नाम था। जल्द ही दिल्ली ने 33-26 की लीड ले ली और टाइटंस को दूसरी बार आलआउट की ओर धकेल दिया।

आशीष नरवाल ने हालांकि दो मौकों पर टाइटंस को आलआउट से बचाया लेकिन अंततः वह डैशआउट कर दिए गए। दिल्ली ने अब 38-31 की लीड के साथ मुकाबला लगभग अपने नाम कर लिया था। ढाई मिनट से भी कम बचे थे औऱ इस बीच पवन ने एक मल्टी प्वाइंट रेड किया। स्कोर 34-39 था लेकिन आशू ने अंतिम समय में डू ओर डाई रेड पर दो अंक लेकर दिल्ली की जीत पक्की कर दी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *