दिल्ली विधानसभा को पुनः एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त होने के पर, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोल्चा को पत्र लिखा है। उन्होंने अपने पत्र में बताया है कि पिछले कुछ सप्ताहों से विधानसभा के आधिकारिक ईमेल आईडी तथा उनके व्यक्तिगत ईमेल आईडी पर लगातार धमकी भरे ईमेल प्राप्त हो रहे हैं। इन ईमेलों में विधानसभा भवन में बम लगाए जाने तथा निर्धारित समय के भीतर विस्फोट करने की बातें कही गई हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि सोमवार को भी प्रातः 11:12 बजे आधिकारिक ईमेल आईडी पर तथा एक अन्य ईमेल पते से भी ऐसा ही एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें विधानसभा परिसर के अंदर विस्फोटक उपयोग किए जाने के संबंध में गंभीर दावे किए गए हैं।
यह मामला पूर्व में भी जांच एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजा जा चुका है, किंतु इस प्रकार के ईमेल बार-बार प्राप्त होने से न केवल संस्था के सुचारु संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि कर्मचारियों में भय का वातावरण भी बन रहा है। श्री गुप्ता ने आपके पत्र में यह रेखांकित किया कि दिल्ली विधानसभा एक अत्यंत महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक संस्था है और इस पर किसी भी प्रकार का खतरा अत्यंत गंभीर विषय है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए भी खतरा है। अध्यक्ष एवं विधानसभा के प्रमुख के रूप में उन्होंने इन ईमेलों के स्रोत का पता लगाने, दोषियों को कानून के दायरे में लाने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम हेतु विधानसभा परिसर एवं उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सुदृढ़ करने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।


