नई दिल्ली, 6 सितंबर 2026 । शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पीतमपुरा में विकास कार्यों को नई गति देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी, स्वच्छता व्यवस्था तथा हरित क्षेत्रों के विकास को और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा स्थित श्री गुरु गोविंद सिंह कॉलेज से रिंग रोड तक नई सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 2.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के आवागमन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पीतमपुरा के SP-TP ब्लॉक में आधुनिक कॉम्पैक्टर का उद्घाटन किया। आधुनिक कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है, जिससे क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने YP ब्लॉक के 3 तथा WP ब्लॉक के 10 पार्कों में होने वाले सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों के माध्यम से स्थानीय निवासियों को बेहतर, स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त हरित क्षेत्र उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है।
इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का माला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ अमित नागपाल निगम पार्षद,श्री अनिल जैन, सामाजिक कार्यकर्ता; श्री नीतिश जैन, मंडल अध्यक्ष; श्री भरत बजाज सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य विकास को केवल बड़े प्रोजेक्ट्स तक सीमित न रखकर हर गली, हर कॉलोनी और हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है। सरकार स्वच्छता, हरित एवं सुंदर सार्वजनिक स्थलों, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत शहरी व्यवस्थाओं के माध्यम से दिल्लीवासियों के जीवन को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र को स्वच्छता, बेहतर जनसुविधाओं, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत शहरी व्यवस्थाओं से युक्त एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करना दिल्ली सरकार का संकल्प है।
इन परियोजनाओं के शुभारंभ से पीतमपुरा एवं शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक सुधार आने की उम्मीद है।





