लालकिला मैदान स्थित माधवदास पार्क में श्री धार्मिक लीला कमेटी द्वारा आयोजित ऐतिहासिक रामलीला में राम राज्याभिषेक लीला और भगवान राम दरबार की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई।
इस वर्ष कमेटी के 103 वर्ष पूरे होने पर विशेष तैयारियां की गई हैं। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी, लोकसभा सांसद श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक अशोक गोयल और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन अतिथि के रूप में शामिल हुए।
महासचिव धीरज भार गुप्ता ने बताया कि आज की लीला में नंदीग्राम से हनुमान जी का भरत के पास जाना और राम राज्याभिषेक का मंचन हुआ।
शोभा यात्रा सुंदर झांकियों के साथ माधवदास पार्क से चांदनी चौक, खारी बावली, नया बांस, लाल कुआं, चावड़ी बाजार, नई सड़क होते हुए वापस पार्क पहुंची, जहां आरती के साथ समापन हुआ।





