नई दिल्ली, 04 नवंबर 2026: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (दिल्ली प्रांत) के इंद्रप्रस्थ संवाद केंद्र के तत्वावधान में राजौरी गार्डन स्थित सरस्वती बाल मंदिर में केशवपुरम विभाग द्वारा भव्य “पत्रकार दीपावली मिलन समारोह” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकार बंधु-भगिनियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, प्रबुद्ध लेखकों तथा प्रकाशकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ केशवपुरम के माननीय विभाग संघचालक श्रीमान विरेंद्र नागपाल जी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात, नृत्य शिक्षिका श्रीमती रश्मि जोशी जी के मार्गदर्शन में बालिकाओं द्वारा एक अलौकिक और मनमोहक कथक नृत्य की प्रस्तुति दी गई।

सुदृढ़ परिवार और सामाजिक समरसता ही समाज का आधार
- परिवार प्रबोधन: प्रांत परिवार प्रबोधन प्रमुख श्रीमान विनय जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि एक सुदृढ़ और संस्कारित पारिवारिक व्यवस्था ही सुखी तथा सशक्त समाज का वास्तविक आधार है।
- सामाजिक समरसता: प्रांत सामाजिक समरसता आयाम संयोजक श्रीमान जगत जी ने भगवान श्रीराम, माता शबरी, महर्षि वाल्मीकि एवं लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के जीवन आदर्शों का स्मरण कराते हुए समाज में भेद मिटाकर समरसता के निर्माण का आह्वान किया।
कलमकारों की सामूहिक शक्ति दूर कर सकती है नकारात्मकता: रितेश जी
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं प्रांत प्रचार प्रमुख श्रीमान रितेश जी ने दीपावली के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा:
“जिस प्रकार एक-एक दीया मिलकर घने अंधकार को मिटा देता है, ठीक उसी प्रकार कलमकारों और पत्रकारों की सामूहिक शक्ति समाज में व्याप्त नकारात्मकता को दूर कर सकती है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के ‘लोकमत परिष्कार’ के विचार को अपनाकर समाज जागरण आज समय की सबसे बड़ी मांग है।”
उन्होंने पंच परिवर्तन — परिवार प्रबोधन, सामाजिक समरसता, स्व का भाव, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार — को सामाजिक बदलाव का मुख्य आधार बताया। साथ ही, पत्रकारों से Fake News (फर्जी खबरें), Paid News (सशुल्क समाचार) और Negative News (अत्यधिक नकारात्मकता) से बचते हुए सत्य, निष्पक्षता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की।
लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है पत्रकारिता: विरेंद्र नागपाल
समापन सत्र में विभाग संघचालक श्रीमान विरेंद्र नागपाल जी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ करार दिया। उन्होंने सभी पत्रकारों को निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता का संदेश दिया और कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
सेवा बस्ती के बच्चों के चित्रों की लगी प्रदर्शनी
विभाग प्रचार प्रमुख श्रीमान सुरेन्द्र जी के कुशल निर्देशन में मीडिया शिक्षिका व वरिष्ठ पत्रकार श्रीमती पारुल जैन जी ने मंच का सफल संचालन किया।
कार्यक्रम स्थल पर सेवा बस्तियों के बच्चों द्वारा बनाए गए खूबसूरत चित्रों की एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका सभी आगंतुकों ने सराहना करते हुए अवलोकन किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पत्रकारों और गणमान्य जनों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हुए एक-दूसरे को दीपावली की मंगलकामनाएँ दीं।





