गुजरात के आम आदमी पार्टी अध्यक्ष गोपाल इटालिया द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और उनकी माताजी के प्रति अभद्र भाषा इस्तेमाल करने से क्षुब्ध दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आज आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर प्रचंड विरोध प्रदर्शन किया गया। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष श्री राजन तिवारी एवं श्री वीरेन्द्र सचदेवा, दिल्ली प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्षा श्रीमती योगिता सिंह, मोर्चा प्रभारी श्रीमती बरखा सिंह और मीडिया सह-प्रमुख श्री हरिहर रघुवंशी भी मौजूद थे।
गोपाल इटालिया ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को नीच कहकर संबोधित किया और उनकी माताजी के प्रति भी असम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता भारतीय संस्कृति को भी भूल बैठे हैं और एक मां का अपमान करके मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ चुके हैं।
नेता प्रतिपक्ष श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के सर्वेसर्वा अरविंद केजरीवाल ने एक बार भी अपने कार्यकर्ताओं की अभद्रता पर रोष व्यक्त नहीं किया और न ही उन्हें ऐसा करने से रोका। इसके विपरीत वह सोशल मीडिया पर गोपाल इटालिया को बढ़ावा दे रहे हैं।
श्री बिधूड़ी ने कहा कि देश की जनता इस प्रकार का अभद्र और अशोभनीय व्यवहार कभी भी बर्दाश्त नहीं करेगी। केजरीवाल गोपाल इटालिया और उनके जैसे तमाम नेताओं को पार्टी से निकालें और पूरे देश से इस अपराध के लिए माफी मांगें। देश की जनता में आम आदमी पार्टी के नेताओं के लिए कितना रोष है, यह गुजरात तथा हिमाचल प्रदेश के आगामी चुनावों में पता चल जाएगा। जनता इन्हें कड़ा सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि एक बुजुर्ग मां के प्रति असम्मानजनक शब्दों का इस्तेमाल अक्षम्य अपराध है। गोपाल इटालिया ने जैसा कृत्य किया है, उससे विशेषकर महिलाओं में बहुत रोष है और वे इन नेताओं को कदापि माफ नहीं करेंगी।