खरगे बोले- भाजपा के कुशासन के चलते हरियाणा विकास के रास्ते से भटका

Listen to this article

*वेणुगोपाल ने कहा- पार्टी नेता किसी भी मतभेद या आंतरिक मामलों के बारे में सार्वजनिक बयान न दें

*बाबरिया बोले- हरियाणा में 70 से ज्यादा सीटों के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी

हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बुधवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई।

हरियाणा से इस बैठक में प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान, कांग्रेस ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन अजय यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा प्रमुख रूप से मौजूद थे। लोकसभा के सभी सांसदों, लोकसभा प्रत्याशियों, राष्ट्रीय सचिवों और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षों समेत लगभग 40 नेताओं ने दो घंटे से ज्यादा चली बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक के बाद एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, हरियाणा के किसानों और नौजवानों को भाजपा ने धोखा दिया है। आने वाले चुनाव में हमें सभी छत्तीस बिरादरी के लोगों का विश्वास हासिल करना है। भाजपा के दस वर्षों के शासन ने हरियाणा के विकास को रोक दिया है। सैकड़ों भर्ती परीक्षाओं में धांधली हुई है, किसानों पर घोर अत्याचार हुए हैं, लाठियां बरसाईं गई हैं, दलितों, पिछड़ों पर अत्याचार हुए हैं, महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं, अपराधों में तेज़ी आई है।

उन्होंने कहा, इस कुशासन के चलते हरियाणा विकास के रास्ते से भटक गया है। अग्निपथ योजना से हरियाणा के वीर देशभक्त जवानों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। मोदी जी ने अन्नदाता किसानों का एमएसपी डेढ़ गुना करने का वादा हरियाणा में ही किया था, पर आज तक पूरा नहीं हुआ। हमारे ओलंपिक चैंपियनों को अपने सम्मान के लिए सड़कों पर धरना देना पड़ा। खरगे ने हरियाणा से कांग्रेस के नवनिर्वाचित लोकसभा सांसदों को बधाई भी दी।

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, बैठक में सभी नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे पार्टी के किसी भी मतभेद या आंतरिक मामलों के बारे में कोई भी सार्वजनिक बयान न दें। हम एकजुट होकर भाजपा का डटकर मुकाबला करेंगे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रभारी महासचिव दीपक बाबरिया ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस को 47.69 प्रतिशत वोट मिले हैं। 2019 के मुकाबले वोट प्रतिशत में 19 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि हुई है। 46 हलकों में कांग्रेस आगे रही। इन नतीजों की राहुल गांधी जी ने भी सराहना की। सभी को प्रोत्साहित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, पार्टी ने निश्चय किया है कि हरियाणा कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुटता के साथ आगामी विधानसभा चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। बाबरिया ने कहा, आने वाले चुनाव में 70 से ज्यादा सीटों के साथ हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *