पीकेएल-11: महानगरों की जंग में यू मुंबा ने बाजी मारी, दबंग दिल्ली केसी को 6 अंक से हराया

Listen to this article

महानगरों की जंग में यू मुंबा ने बाजी मार ली। मुंबा ने गाचीबोवली के जीएमसीबी इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को राइवलरी वीक के तहत खेले गए प्रो कबड्डी लीग के 11वें सीजन के 36वें मैच में दबंग दिल्ली केसी को 32-26 स्कोर से हरा दिया। दिल्ली की सात मैचों में यह पांचवीं हार है जबकि मुंबा को छह मैचों में तीसरी जीत मिली है।

मुंबा ने अच्छी शुरुआत करते हुए ढाई मिनट में 3-1 की लीड ले ली। हालांकि लगातार दो अंक लेकर दिल्ली ने स्कोर बराबर कर दिया। इसी बीच मंजीत ने दो अंक की रेड के साथ मुंबा को फिर 2 अंक से आगे कर दिया। दिल्ली ने हालांकि फिर लगातार दो अंक लेकर स्कोर 5-5 कर दिया। यही सिलसिला चलता रहा और नौ मिनट बाद स्कोर 7-7 था। 10 मिनट की समाप्ति तक मुंबा हालांकि 9-7 से आगे थे।

ब्रेक के बाद सोमवीर ने आशू को वेस्टहोल्ड कर लीड 3 की कर दी। इसी बीच सुपर टैकल सिचुएशन में दिल्ली के डिफेंस ने डू ओर डाई रेड पर आए जफरदानेश को लपक स्कोर 9-10 कर दिया। फिर दिल्ली ने स्कोर बराबर भी कर लिया। 11-11 स्कोर पर विनय का शिकार कर मुंबा ने 12-11 की लीड ले ली लेकिन योगेश ने रोहित का शिकार कर फिर स्कोर 12-12 कर दिया।

17वें मिनट में आशू डू ओर डाई रेड पर आए लेकिन सुनील ने उन्हें जाने नहीं दिया। हालांकि अगली रेड पर चार के डिफेंस में जफरदानेश भी लपके गए। इसके बाद 20वें मिनट में डू ओर डाई पर अंक लेकर मुंबा ने 14-13 स्कोर के साथ पाला बदला। मुंबा 20 मिनट में से 10 मिनट सीजन के सबसे सफल रेडर आशू को रोकने में सफल रहे औऱ यही कारण था कि वे लीड पर थे।

हाफटाइम के बाद हिमांशु का शिकार कर परवेश ने मुंबा को 2 अंक की लीड दिला दी। दिल्ली अब सुपर टैकल सिचुएशन में थे। मंजीत आए और दिल्ली को आलआउट की ओर धकेल दिया लेकिन आशीष ने दो अंक की रेड के साथ आलआउट बचा लिया लेकिन अगले ही पल दिल्ली आलआउट हो गई। मुंबा को 21-15 की लीड मिल चुकी थी।

इसके बाद आशू ने सुनील का शिकार किया और दिल्ली ने लगातार तीन अंक लेकर फासले को कम किया। मुंबा ने हालांकि इसके बाद दो अंक लेकर फासले को फिर 6 का कर दिया। आशू ने हालांकि दो अंक के रेड के साथ दिल्ली की वापसी सुनिश्चित की। 30 मिनट के बाद मुंबा को 24-20 की लीड मिली हुई थी। ब्रेक के बाद आशू ने एक अंक के साथ फासला 3 का कर दिया।

रोहित ने बोनस के बाद आशू को लपक लिया। लीड फिर 5 की हो गई औऱ सुनील की वापसी हुई लेकिन डू ओर डाई रेड पर रोहित लपके गए। आशू रिवाइव होकर डू ओर डाई रेड पर आए लेकिन सुनील ने उन्हें लपक लिया। इसी बीच योगेश ने हाई-5 पूरा किया। दो मिनट बचे थे और 3 अंक का फासला था।

इसी बीच सुपर टैकल सिचुएशन में मुंबा के डिफेंस ने सुपर 10 पूरा करने वाली आशू को लपक अपनी जीत पक्की कर ली। इस तरह मुंबा ने सीजन के पहले मैच में दिल्ली से मिली हार का हिसाब बराबर कर लिया। मुंबा की जीत में मंजीत (9 अंक) और कप्तान सुनील (4) के अलावा सोमवीर (3) का अहम रोल रहा।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *