दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए दिलाने के लिए सीएम ऑफिस के बाहर ‘‘आप’’ का जबरदस्त प्रदर्शन

Listen to this article
  • पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के सभी विधायकों ने ‘2500 रुपए कब मिलेंगे’ के लिखे पोस्टर लहराए
  • हमने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात कर महिलाओं को 2500 रुपए देने के मुद्दे पर बात की, लेकिन उन्होंने कोई आश्वासन नहीं दिया- आतिशी
  • मोदी जी ने पहली कैबिनेट में महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह देने की स्कीम पास करने का वादा किया था, लेकिन पास नहीं हुई- आतिशी
  • भाजपा ने मोदी जी का पहला वादा तो तोड़ दिया, अब 8 मार्च तक महिलाओं को 2500 रुपए देकर उनकी दूसरी गारंटी पूरी करे- आतिशी

आम आदमी पार्टी ने भाजपा सरकार से दिल्ली की महिलाओं को 2500 रुपए प्रतिमाह दिलाने के लिए सोमवार को विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर जबरदस्त प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष आतिशी के नेतृत्व में ‘‘आप’’ विधायकों ने जमकर प्रदर्शन किया और ‘2500 रुपए कब मिलेंगे’ के लिखे पोस्टर भी लहराए। इस दौरान आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात कर इस मुद्दे पर बात भी की, लेकिन उनसे कोई आश्वासन नहीं मिला। आतिशी ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली कैबिनेट में महिलाओं को 2500 रुपए देने की स्कीम पास करने की गारंटी दी थी। 20 फरवरी को भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट की बैठक हो गई, लेकिन इस स्कीम को पास नहीं किया गया। भाजपा ने मोदी जी का पहला वादा तो तोड़ दिया है, लेकिन हम उम्मीद करते हैं कि भाजपा 8 मार्च तक महिलाओं के खाते में 2500 रुपए डालकर मोदी जी की दूसरी गारंटी पूरी करेगी।

दिल्ली में महिलाओं के लिए 2500 रुपए की महिला समृद्धि योजना लागू करने को लेकर आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सीएम रेखा गुप्ता से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि हमने मुख्यमंत्री से पिछले दो दिन से समय मांगा हुआ था, लेकिन हमें समय नहीं मिला था। इसलिए आज हम सत्र के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मिलने के लिए गए थे। भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने का जो वादा किया था, उस मुद्दे को लेकर हमने सीएम से बात की। हमने सीएम से कहा कि मोदी जी ने वादा किया था कि पहली कैबिनेट की बैठक में दिल्ली की हर महिला को दिए जाने का फैसला लिया जाएगा। हमें इस बात की चिंता है कि 20 फरवरी को कैबिनेट की पहली बैठक हो गई, लेकिन अभी तक इस पर फैसला नहीं हुआ।

आतिशी ने कहा कि मोदी जी की दूसरी गारंटी थी कि 8 मार्च तक दिल्ली की सभी महिलाओं के खाते में 2500 रुपए की पहली किश्त आ जाएगी। हमने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से आग्रह किया है कि 8 मार्च का वादा जरूर पूरा किया जाए। कैबिनेट की पहली बैठक का वादा तो तोड़ दिया गया है, मोदी जी की गारंटी झूठी साबित हो चुकी है। हम यह उम्मीद करते हैं कि दिल्ली की सभी महिलाओं के खाते में 8 मार्च तक 2500 रुपए जरूर आएंगे। हालांकि सीएम ने अभी तक कोई आश्वासन नहीं दिया है कि 8 मार्च तक सभी महिलाओं के खाते में पैसे आएंगे या नहीं। इसलिए हम सभी महिलाएं इंतजार कर रही हैं कि मोदी जी के वादे के मुताबिक हम सबके खाते में पैसे जरूर आएंगे।

मीडिया के एक सवाल का जवाब देते हुए आतिशी ने कहा कि मैंने भाजपा की सरकार के शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही यह भविष्यवाणी की थी कि भाजपा की सरकार काम न करने और अपने वादे पूरे न करने के लिए कोई न कोई बहाने जरूर बनाएगी। जब अरविंद केजरीवाल पहली बार दिल्ली के मुख्यमंत्री बने थे, तब दिल्ली का बजट 30 हजार करोड़ रुपए का था। लेकिन तब भी उन्होंने मुनाफे की सरकार चलाई। लोगों को फ्री बिजली, पानी, अच्छे स्कूल, अस्पताल, फ्री बस यात्रा और तीर्थ यात्रा की सुविधा दी थी। आज हम अपनी 10 साल की सरकार के बाद भाजपा को दिल्ली का 77 करोड़ रुपए का बजट देकर जा रहे हैं और भाजपा कह रही है कि सरकारी खजाना खाली है। यह बिल्कुल साफ है कि पैसे की कमी नहीं है, बल्कि महिलाओं को 2500 रुपए देने की इनकी नीयत नहीं है।

Print Friendly, PDF & Email

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *