- दिल्ली सरकार ने मंत्री कपिल मिश्रा के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के दो स्कूलों में रोहिंग्याओं के 19 बच्चों को दाखिला दिया है- संजीव झा
- भाजपा ने इन रोहिंग्याओं के बच्चों का सरकारी स्कूलों में एडमिशन करा मान लिया है कि ये लोग दिल्ली के निवासी हैं- संजीव झा
- रोहिंग्या मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने पात्रता की जांच के बाद ही उनके बच्चों को सरकारी स्कूलों में एडमिशन देने का आदेश दिया था- संजीव झा
- ये लोग रोहिंग्याओं को दिल्ली समेत पूरे देश में इसलिए बसा रहे हैं ताकि चुनावों में इनको मुद्दा बनाकर अपनी जीत सुनिश्चित कर सकें- संजीव झा
आम आदमी पार्टी ने रोहिंग्या के मुद्दे पर भाजपा के दोहरे चरित्र को पूरे देश के सामने बेनकाब कर दिया है। ‘‘आप’’ के वरिष्ठ नेता व विधायक संजीव झा ने कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान भाजपा ने रोहिंग्या को मुद्दा बनाया था और उनको दिल्ली से भगाने का वादा किया था। भाजपा ने दिल्ली के लोगों को गुमराह करके उनका वोट ले लिया और सरकार बना ली, लेकिन जब कार्रवाई की बारी आई तो वह उनको दिल्ली में बसाने का काम रही है। मंत्री कपिल मिश्रा के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के खजूरी खास स्थित दो सरकारी स्कूलों में रोहिंग्याओं के 19 बच्चों को दाखिला दिया गया है। इससे साफ है कि भाजपा ने मान लिया है कि ये रोहिंग्या दिल्ली के निवासी हैं। भाजपा रोहिंग्याओं को दिल्ली समेत पूरे देश में इसलिए बसा रही हैं ताकि चुनावों में रोहिंग्या को मुद्दा बनाकर जीत सकें।
संजीव झा ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर कहा कि एक तरफ भाजपा हमेशा रोहिंग्या को मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ती है और दूसरी तरफ उनको संरक्षण देती है। दिल्ली चुनाव के दौरान भाजपा के सभी बड़े नेताओं ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद सभी रोहिंग्याओं को चिंहित कर दिल्ली से भगाएंगे। देश के गृहमंत्री चुनावी मंच से कह चुके हैं कि भाजपा की सरकार बनने पर एक साल के अंदर सभी रोहिंग्या को दिल्ली से निकाल देंगे। अब तक दिल्ली में भाजपा की सरकार बन गई तो वह रोहिंग्याओं को संरक्षण दे रही है।
संजीव झा ने कहा कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में रोहिंग्याओं के बच्चों का दाखिला कराया जा रहा है। रोहिंग्याओं के 9 बच्चों का एडमिशन खजूरी खास स्थित सरकार के एसकेवी स्कूल में हुआ है। रोहिंग्याओं के 10 बच्चों का एडमिशन खजूरी खास स्थित सर्वोदय बाल विद्यालय में हुआ है। इससे पता चल रहा है कि भाजपा के लोग टार्च लेकर रोहिंग्याओं को इसलिए ढूंढ रहे हैं, क्योंकि उनको दिल्ली में चुपचाप बसाना है। लेकिन अब ये लोग रंगेहाथ पकड़े गए हैं। जिन दोनों सरकारी स्कूलों में रोहिंग्याओं के बच्चों का एडमिशन हुआ है, वो दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के करावल नगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित हैं। अभी हाल ही में कोर्ट ने कपिल मिश्रा के बारे में कहा है कि प्रथम दृष्टया यह साबित होता है कि वह 2020 के दिल्ली दंगे में शामिल थे।
संजीव झा ने कहा कि दिल्ली की जनता को देखना चाहिए कि इन लोगों के कितने रूप हैं। हाथी के दांत दिखाने के और होते हैं और खाने के और होते हैं। ऐसे ही ये लोग भी है। ये लोग कहते कुछ हैं और करते कुछ और हैं। संजीव झा ने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देने वाले भाजपा नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट का ऐसा कोई आदेश नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने यह कह है कि सरकार रोहिंग्याओं की पात्रता की जांच करे और अगर पात्र हैं तभी उनको एडमिशन दिया जाए। इसका मतलब साफ है कि भाजपा ने इन रोहिंग्याओं के बच्चों का सरकारी स्कूलों में एडमिशन करा मान लिया है कि ये पात्र हैं। भाजपा सरकार ने इन बच्चों को पात्र मान लिया है।
संजीव झा ने कहा कि अगर ये लोग सुप्रीम कोर्ट का हवाला ही दे रहे हैं तो सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा था कि दिल्ली की चुनी हुई सरकार के पास दिल्ली की पॉवर होनी चाहिए। अगर ये लोग सुप्रीम कोर्ट को इतना ही मानते होते तो दिल्ली सरकार से पॉवर छिनने के लिए संसद में एक अवैध कानून नहीं बनाते। सुप्रीम कोर्ट ने यह कहा था कि चुनाव आयोग की नियुक्ति में विपक्ष, प्रधानमंत्री और सीजेआई होने चाहिए, लेकिन उस आदेश को कानून बनाकर पलट दिया। लेकिन जब बात रोंहिग्या की आई तो भाजपा की सरकार सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर रोहिंग्याओं को दिल्ली का निवासी बना रही हैं। इससे यह साबित होता है कि ये लोग रोहिंग्याओं को दिल्ली समेत पूरे देश में इसलिए बसा रहे हैं ताकि यह हर चुनाव में इनका चुनावी एजेंडा बने और हर चुनाव में जीत सुनिश्चित कर सकें।
संजीव झा ने कहा कि कई बार चर्चा हो चुकी है कि आखिर ये रोहिंग्या भारत का बॉर्डर पार कर दिल्ली में कैसे आते हैं? इनको बॉर्डर पर क्यों नहीं रोका जाता है। बॉर्डर पार करने से लेकर दिल्ली में बसाने तक का खेल सिर्फ इसलिए होता है ताकि चुनाव में रोहिंग्या को एजेंडा बना सके और चुनाव लड़ सकें। भाजपा ने रोंहिग्या के नाम पर दिल्ली की जनता को गुमराह करके वोट ले लिया। लेकिन जब कार्रवाई की बारी आई तो रोहिंग्याओं को संरक्षण देकर दिल्ली का वैध नागरिक बना रही है। इससे दिल्ली और देश की जनता के सामने भाजपा का दोहरा चरित्र एक्सपोज हो गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को उसके वादों के कारण वोट दिया, लेकिन भाजपा की सरकार अपना वादा पूरा नहीं कर रही है। जब दिल्ली में फिर चुनाव आएगा तो फिर भाजपा इन्हीं रोहिंग्याओं को मुद्दा बनाएगी। भाजपा जो वादा करती है, उसे पूरा नहीं करती है और जो वादा नहीं करती है, वह पूरा करती है। दिल्ली की जनता बहुत समझदार है। आम आदमी पार्टी भाजपा, दिल्ली सरकार और केंद्रीय गृहमंत्री को उनके वादों की याद दिला रही है और मांग करती है कि भाजपा पूरे देश में कहां और कितने रोहिंग्याओं को बसा रही है, उसकी जानकारी देश की जनता को दे। वरना जनता इनको सबक सिखाएगी। भाजपा को इस तरह लोगों को गुमराह व ठग करके वोट लेने के बाद फिर रोहिंग्याओं के नाम पर ही राजनीति करना बंद कर देना चाहिए।